रायपुर : होटल कारोबारी दीपक टंडन और पत्नी बरखा पर FIR, सरकारी सील तोड़कर संपत्ति में घुसने और धमकी देने का आरोप
आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने दर्ज किया मामला, BNS की आठ धाराओं में कार्रवाई
रायपुर। राजधानी में होटल कारोबारी दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ एक और मामला दर्ज हुआ है। इस बार विवाद होटल की संपत्ति पर कब्जे और नगर निगम की सरकारी सील तोड़ने से जुड़ा है। आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की आठ धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
शिकायत में दीपक टंडन, बरखा टंडन और उनके साथियों पर जबरन संपत्ति में प्रवेश करने, ताले तोड़ने, अश्लील हरकत करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
2021 में होटल संचालन के लिए लीज पर दी थी संपत्ति
FIR के अनुसार, सरिता बाजपेयी ने वर्ष 2021 में अपनी संपत्ति होटल और बैंक्वेट हॉल संचालित करने के लिए लीज पर दी थी। यहां ‘होटल बेलाकासा श्री’ के नाम से कारोबार किया जा रहा था।
लीज की शुरुआती अवधि वर्ष 2024 में समाप्त हो गई थी। इसके बाद आपसी सहमति से दो बार 11-11 महीने के लिए अवधि बढ़ाई गई। इसकी अंतिम अवधि 7 अप्रैल 2026 को समाप्त हो गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि करीब एक साल से किराया भी नियमित रूप से नहीं दिया जा रहा था।
प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं होने के कारण नगर निगम ने 18 अगस्त 2026 को होटल को सील कर दिया था।
सरकारी सील तोड़कर अंदर प्रवेश करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, 23 अगस्त को जब सरिता बाजपेयी संपत्ति का कब्जा लेने पहुंचीं, तब बरखा टंडन, दीपक टंडन और उनके कर्मचारी नगर निगम की सील तोड़कर अंदर मौजूद थे। इस संबंध में नगर निगम में शिकायत की गई, जिसके बाद संपत्ति को दोबारा सील कर दिया गया।
FIR में बताया गया है कि 30 सितंबर को चाबी सौंपने को लेकर बातचीत हुई थी। इसके बाद 26 अक्टूबर को नगर निगम के जोन-10 के कर्मचारियों ने पुलिस की मौजूदगी में सील खोली और पंचनामा तैयार किया।
27 अक्टूबर को ताले तोड़कर प्रवेश करने की शिकायत
शिकायतकर्ता का आरोप है कि 27 अक्टूबर को जब वह अपने साथी के साथ होटल पहुंचीं, तो दीपक टंडन, बरखा टंडन और उनके साथियों ने मुख्य गेट सहित अंदर के ताले तोड़कर संपत्ति में प्रवेश कर लिया। इस दौरान कथित रूप से उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और धमकी भी दी गई।
शिकायत के आधार पर तेलीबांधा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 296, 3(5), 324(4), 329(4), 331(2), 331(5) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
6 नवंबर को बिलासपुर पुलिस ने भी किया था गिरफ्तार
इससे पहले 6 नवंबर को बिलासपुर जिले की सिरगिट्टी पुलिस ने दीपक टंडन को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई बिलासपुर निवासी मणिशंकर पांडे की शिकायत पर की गई थी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उनकी तस्वीरों के साथ AI तकनीक के जरिए छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार की गई और न्यूज पोर्टल तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें प्रसारित की गईं। आरोप है कि इस सामग्री का इस्तेमाल उनकी छवि खराब करने और ब्लैकमेल करने के लिए किया गया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने दो मोबाइल फोन जब्त किए थे। इस मामले में डिजिटल सामग्री की जांच की जा रही है।
दोनों मामले अलग-अलग, जांच जारी
बिलासपुर में दर्ज मामला तस्वीरों से कथित AI छेड़छाड़ और ब्लैकमेलिंग से संबंधित है, जबकि रायपुर की नई FIR होटल की संपत्ति, सरकारी सील और कब्जे के विवाद को लेकर दर्ज की गई है। दोनों मामले अलग-अलग हैं और पुलिस अपने-अपने स्तर पर जांच कर रही है।























































