रायपुर : 9 सितंबर को होगी साय कैबिनेट की बैठक, खरीफ बोनी और कम बारिश वाले क्षेत्रों पर होगी चर्चा

मंत्रालय में सुबह 11:30 बजे से शुरू होगी बैठक

रायपुर, 7 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 9 सितंबर को राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक सुबह 11:30 बजे मंत्रालय में होगी। बैठक में खरीफ फसल की बोनी से लेकर कम वर्षा वाले क्षेत्रों की स्थिति और विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है।

सभी जिलों में खरीफ बोनी की स्थिति पर रिपोर्ट

बैठक में कृषि विभाग प्रदेश के अलग-अलग जिलों में खरीफ फसल की बोनी की स्थिति को लेकर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। किन जिलों में बोनी का काम निर्धारित स्थिति के अनुरूप हुआ है और किन क्षेत्रों में बारिश की कमी का असर पड़ा है, इसकी जानकारी कैबिनेट के सामने रखी जाएगी।

कम बारिश वाले क्षेत्रों पर विशेष फोकस

प्रदेश के जिन जिलों और तहसीलों में अपेक्षाकृत कम बारिश हुई है, वहां फसलों की मौजूदा स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी। संबंधित क्षेत्रों की अनावरी रिपोर्ट के आधार पर किसानों और फसल की स्थिति को लेकर आगे की रणनीति पर निर्णय लिया जा सकता है।

राज्य सरकार खरीफ सीजन में संभावित अल्पवर्षा की स्थिति को लेकर पहले भी कृषि, सिंचाई, खाद-बीज और जल संरक्षण से जुड़े विषयों की समीक्षा कर चुकी है।

विभागों के प्रस्तावों पर भी होगी चर्चा

कैबिनेट बैठक में कृषि से जुड़े मुद्दों के अलावा विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रस्ताव भी चर्चा के लिए रखे जाएंगे। सरकार अब तक किए गए कामों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ आवश्यक नीतिगत निर्णय ले सकती है।

बैठक के बाद लिए गए फैसलों की जानकारी सामने आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि कम वर्षा वाले क्षेत्रों और खरीफ फसलों को लेकर सरकार किस तरह के कदम उठाती है।

Back to top button