
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के 4 लोगों ने आत्महत्या कर ली है। युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला है। उसकी बीवी और 2 मासूमों की लाश घर के कुएं में पड़ी मिली है। मामला लालबाग थाना क्षेत्र के करमतरा गांव का है।
ये पूरी घटना मंगलवार की है। जब डोमन साहू (32) का परिवार खेत में धान की मिंजाई करने गया था। घर पर डोमन, उसकी पत्नी वेदिका (29) और दोनों बच्चे काव्या (3) और पीयूष (2) ही थे। इसी दौरान पहले वेदिका अपने दोनों बच्चों को लेकर कुएं में कूदी थी। आशंका है कि बीवी के कूदने के बाद ही डोमन ने भी अपने घर से आधा किलोमीटर दूर बने ब्यारे में फांसी लगा ली। ग्रामीण क्षेत्र में ब्यारे धान कटने के बाद रखने वाले क्षेत्र को कहा जाता है। डोमन गांव में अपनी बीवी बच्चे, छोटे भाई और उसकी पत्नी के साथ रहता था। अभी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।