लैलूंगा डबल मर्डर और दुष्कर्म कांड का खुलासा, 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 7 अगस्त। रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम छापरपानी में महिला और उसकी 10 माह की मासूम बच्ची की हत्या के बहुचर्चित मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 65 वर्षीय भिखारीराम नागवंशी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर महिला से दुष्कर्म और दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को ग्राम छापरपानी स्थित खेत के बोर मकान में 35 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली थी, जबकि उसकी 10 माह की पुत्री मृत पाई गई थी। महिला की अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मामले में थाना लैलूंगा में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटनास्थल सुनसान होने और प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिलने के कारण जांच चुनौतीपूर्ण थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने गांव में लगातार कैंप लगाकर साक्ष्य जुटाए। वैज्ञानिक जांच, मुखबिर सूचना और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के आधार पर ग्राम कोड़ासिया निवासी भिखारीराम नागवंशी (65) पर संदेह हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी 15 जुलाई की रात महिला के पास पहुंचा और जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने ईंट से महिला के सिर और चेहरे पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद महिला के साथ दुष्कर्म किया। घटना के दौरान रो रही 10 माह की बच्ची की गला दबाकर और ईंट से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खून से सनी अपनी धोती छिपाकर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहनी गई धोती सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। मामले में हत्या के साथ दुष्कर्म से संबंधित धाराएं भी जोड़ते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि वैज्ञानिक जांच, सतत निगरानी और टीमवर्क के कारण 21 दिनों के भीतर इस जघन्य दोहरे हत्याकांड का खुलासा संभव हो सका। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



