
बालोद। CG News जिले के डौंडी थाना क्षेत्र के छिंदगांव जाने वाले मार्ग स्थित रेलवे पटरी पर एक वृद्ध ने पैसेंजर ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से परिजनों में मातम पसर गया है। सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मामले को जांच में लिया है।
बता दें कि सल्हाईटोला डौंडी रेलवे स्टेशन से अपने निर्धारित समय पर दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर रेलवे स्टेशन से ट्रेन छूटकर आगे भानुप्रतापपुर और अंतागढ़ की ओर जा रही थी। इस दौरान डौंडी से आगे ग्राम छिंदगांव जाने वाले मार्ग के पास स्थित रेल्वे पटरी पर पहले से बैठे डौंडी नगर के भण्डारीपारा वार्ड 6 निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग पुरषोत्तम करबगिया ने चलती ट्रेन से कटकर अपनी जान दे दी। इस हादसे की सूचना पाकर मृतक की बेटी घटनास्थल पहुंची।
बताया जा रहा कि मृतक सुबह से ही रेल पटरी पर आकर बैठ गया था। जानकारों के अनुसार मृतक व्यक्ति के परिवार में एक बेटी और बहू है। बेटे की भी कुछ महीने पहले मृत्यु हो चुकी है। मृतक डौंडी के बाजार में बहू एवं बेटी के द्वारा सब्जी बेचने के कार्य में मदद किया करता था और हमेशा परेशान रहा करता था। डौंडी थाना के द्वारा जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा बनाकर आवश्यक कार्यवाही की गई।




