रिटायर्ड फौजी के सात साल के बेटे का अपहरण, किडनैपर्स ने 25 लाख रुपए की मांगी फिरौती

गया में सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है। रिटायर्ड फौजी के सात साल के बेटे का अपहरण कर 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है।  बताया जा रहा है कि बुधवार की रात फौजी वाल्मीकी सिंह का बेटा मोहित मानपुर के रसलपुर स्थित घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान पिता का नाम पूछने के बाद अपहर्ताओं ने मोहित को उठा लिया। वजीरगंज डीएसपी घुरन मंडल टीम के साथ जांच में जुटे हैं। एक टीम नावदा भी भेजी गई है।

बताया जा रहा है कि अपहर्ता बोलेरो से आए थे। गाड़ी रुकी और उसमें बैठे दो व्यक्तियों ने मोहित से उसके पिता का पता पूछा। जब मोहित ने घर का पता बताया तो घर दिखाने के बहान उसे गाड़ी में बैठा लिया। कई घंटों के बाद जब बच्चा घर वापस नहीं आया तो उसके दोस्त से पूछताछ की गयी। दोस्तों ने फिर पूरी जानकारी दी। इसके बाद पीड़ित परिवारवालों ने स्थानीय मुफस्सिल थाने में अज्ञात अपहरणकर्ताओं के खिलाफ एक मामला दर्ज कराया।

रात भर परिवार परेशान रहा। गुरुवार को अपहरणकर्ताओं ने उनके पिता के मोबाइल पर कॉलकर के 25 लाख रुपये फिरौती की मांग की। अपहरण की खबर लगते ही कोहराम मच गया। अपहृत मोहित के दादा सुरेंद्र सिंह भी रिटायर फौजी हैं। उन्होंने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और यह घटना किसने की है इसकी कोई भी जानकारी नहीं है। अपहरणकर्ताओं ने 25 लाख की डिमांड की है। साथ ही पुलिस को नहीं बताने का भी बात कही है।

बहरहाल, एडिशनल एसपी मनीष कुमार ने बताया कि रिटायर फौजी के पुत्र का अपहरण का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। जल्द ही बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। अपराधियों को पकड़ने के लिए उसके मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button