रेनबो विद्यालय के छात्रों ने योगासन और ताइक्वांडो में जीते पदक

जिला योगासन और राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

रायगढ़, 10 अगस्त 2026। शैलेन्द्र नगर, बोईरदादर स्थित रेनबो अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के विद्यार्थियों ने योगासन और ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यार्थियों ने जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर गोल्ड और सिल्वर मेडल अपने नाम किए।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने 5वीं रायगढ़ जिला योगासन प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में अभय, मजेश, हर्षिता, विभा, ग्रेषु, सौरव और रुद्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण एवं रजत पदक हासिल किए।

इसी तरह दुर्ग में आयोजित 5वीं स्टेट ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं लालिमा यादव और देवांशी यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण एवं रजत पदक अपने नाम किए।

कठिन आसनों और दमदार किक्स से प्रभावित किया

योगासन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कठिन आसनों का प्रदर्शन करते हुए अपनी एकाग्रता, संतुलन और लचीलेपन का प्रदर्शन किया। वहीं ताइक्वांडो प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दमदार किक्स और बेहतरीन डिफेंस मूव्स के जरिए अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया।

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर संस्था प्रमुख, कोच बृजेश शर्मा और ग्लोरी खलखो ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि योग जहां मानसिक एकाग्रता और संतुलन विकसित करने में सहायक है, वहीं ताइक्वांडो बच्चों को आत्मरक्षा के साथ अनुशासन और आत्मविश्वास भी सिखाता है। दोनों विधाओं में विद्यार्थियों की सफलता विद्यालय के लिए गौरव का विषय है।

खेलों के लिए विद्यार्थियों को लगातार प्रोत्साहन

इस सफलता में शिक्षिका सीमा शर्मा के विशेष योगदान का भी उल्लेख किया गया। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षिकाओं द्वारा विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी लगातार प्रोत्साहित किया जाता है।

विद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को अभ्यास के लिए आवश्यक समय और सहयोग उपलब्ध कराया जाता है, जिससे वे पढ़ाई के साथ अपनी खेल प्रतिभा को भी निखार सकें। विद्यार्थियों की उपलब्धि पर उनके परिवारों और विद्यालय के शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Back to top button