
लापरवाही पर निगम की सख्त कार्रवाई: ठेकेदार ब्लैकलिस्ट, निविदा निरस्त, जमानत राशि राजसात
रायगढ़। नगर पालिक निगम रायगढ़ ने विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे ब्लैकलिस्ट कर दिया है। आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने यह कार्रवाई संजय मैदान के विकास कार्य में देरी और कार्य में प्रगति नहीं होने पर की है।
समयसीमा में पूरा नहीं हुआ काम
संजय मैदान के विकास कार्य के तहत फेंसिंग, गेट निर्माण, पाथवे, नाली, विद्युत व्यवस्था, ग्राउंड मेकिंग और सिटिंग चेयर जैसे कार्यों के लिए कान्हा कंस्ट्रक्शन (प्रोपराइटर कन्हैया सोनी, सक्ती) को कार्यादेश जारी किया गया था। इस कार्य की समयसीमा लगभग 5 माह निर्धारित थी, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी कार्य अधूरा रहा।
नोटिस के बावजूद नहीं सुधरी स्थिति
निगम प्रशासन ने 29 सितंबर 2025 को प्रथम नोटिस जारी किया, इसके बाद द्वितीय और अंतिम नोटिस भी भेजे गए। बावजूद इसके ठेकेदार द्वारा कार्य में कोई सुधार नहीं किया गया।
निविदा निरस्त, जमानत राशि जब्त
आयुक्त के निर्देश पर संबंधित ठेकेदार की निविदा तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई है। साथ ही अनुबंध की शर्तों के तहत जमा जमानत राशि को राजसात कर लिया गया है।
एक वर्ष के लिए प्रतिबंध
ठेकेदार को आगामी एक वर्ष तक नगर निगम की किसी भी निविदा में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
अन्य ठेकेदारों को सख्त चेतावनी
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्य में देरी से आम नागरिकों में असंतोष बढ़ता है और निगम की छवि प्रभावित होती है।
नगर निगम ने सभी ठेकेदारों को चेतावनी दी है कि वे समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करें, अन्यथा इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।


