लेन-देन के विवाद में युवक से मारपीट कर कार लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार

घरघोड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 10 लाख रुपये की मारुति XL-6 कार बरामद

रायगढ़। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में रुपये के लेन-देन के विवाद के बीच युवक के साथ मारपीट कर उसकी कार ले जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की मारुति सुजुकी XL-6 कार बरामद कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम भेण्ड्रा निवासी गजपति राम राठिया (29) ने घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2024 में उसके परिवार ने अपनी पैतृक भूमि का सौदा घरघोड़ा निवासी बेलाल अहमद के साथ किया था। सौदे के तहत आरोपी ने अग्रिम राशि के रूप में 3.50 लाख रुपये दिए थे, लेकिन बाद में भूमि खरीदने से इनकार करते हुए रकम वापस मांगी।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने परिचय का लाभ उठाकर प्रार्थी की मारुति XL-6 कार अपने पास ले ली थी और कई महीनों तक अपने कब्जे में रखी। बाद में प्रार्थी द्वारा राशि का एक हिस्सा लौटाने पर वाहन वापस कर दिया गया, लेकिन आरोपी शेष रकम को लेकर लगातार दबाव बनाता रहा।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी उसके घर पहुंचकर गाली-गलौज और धमकी भी देता था। 6 जुलाई 2026 को कारगिल चौक, घरघोड़ा के पास आरोपी ने बकाया रकम को लेकर विवाद करते हुए प्रार्थी के साथ मारपीट की और कार की चाबी छीनकर उसकी मारुति XL-6 कार लेकर फरार हो गया।

मामले की शिकायत पर घरघोड़ा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस ने दबिश देकर आरोपी बेलाल अहमद (52 वर्ष) निवासी प्रेमनगर, घरघोड़ा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर लूटी गई मारुति सुजुकी XL-6 कार बरामद कर जब्त कर ली गई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि लेन-देन से जुड़े विवादों का समाधान कानून के दायरे में होना चाहिए। हिंसा, धमकी और जबरन संपत्ति छीनने जैसे कृत्यों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।

Back to top button