लैलूंगा में सरस्वती साइकिल वितरण कार्यक्रम के दौरान गुणवत्ता पर भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, रवि भगत ने उठाया सवाल

रायगढ़। जिले के लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के कुपाकानी गांव में आयोजित सरस्वती साइकिल वितरण योजना के दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने छात्राओं को वितरित की जा रही साइकिलों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने योजना में घटिया गुणवत्ता की साइकिलें वितरित किए जाने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

साइकिलों की गुणवत्ता पर जताई आपत्ति

जानकारी के अनुसार, स्कूल परिसर में छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया जा रहा था। इसी दौरान रवि भगत मौके पर पहुंचे और साइकिलों की गुणवत्ता को लेकर आपत्ति दर्ज कराई। उनका आरोप था कि सरकारी योजना के तहत निम्न गुणवत्ता की साइकिलों की आपूर्ति की गई है।

धरने पर बैठे, पुलिस थाने ले गई

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साइकिलों की गुणवत्ता को लेकर विरोध जताते हुए रवि भगत स्कूल परिसर में धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर लैलूंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अपने साथ लैलूंगा थाना ले गई।

जांच की मांग

रवि भगत ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस मामले में प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Back to top button