सड़क किनारे सो गए पूर्व मंत्री : DSP – SP – IPS रैंक के अधिकारी भी नहीं हटा पाए… मूणत ने फुटपाथ पर बिताई रात, अब सांसद सोनी भी पहुंचे

रायपुर।। रायपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड में नगर निगम चौपाटी बना रहा है। पूर्व मंत्री राजेश मूणत इसका विरोध कर रहे हैं। गुरुवार को इनके अनिश्चित कालीन धरने का दूसरा दिन रहा। सांसद सुनील सोनी और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने पंडाल में पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। साइंस कॉलेज ग्राउंड के पास दिए जा रहे इस धरने के बीच मूणत अपने घर नहीं लौटे। बुधवार को मूणत ने पंडाल में ही रात बिताई।

मच्छरदानी लगाकर मूणत फुटपाथ पर सोए, सुबह उठे और प्रार्थना की। इसके कुछ देर बाद ही उन्हें हटाने के लिए पुलिस फोर्स पहुंच गई। DSP और एडिशनल SP रैंक के अधिकारी। कुछ प्रशिक्षु IPS भी आए। इनके सामने मूणत अड़े रहे।

पुलिस से मूणत ने कह दिया हम धरने से उठने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा- लोकतंत्र में आवाज उठाना, विरोध करना विपक्ष और जनता का अधिकार है। लेकिन सत्तारूढ़ कांग्रेस को विरोध बर्दाश्त नहीं है। आज तो अवैध चौपाटी के विरोध में धरने का दूसरा ही दिन है,इतने में ही घबरा गए? पुलिस प्रशासन का राजनीतिक दुरुपयोग काम न आएगा।

जानिए क्यों इतना विरोध कर रहे मूणत

पूर्व मंत्री राजेश मूणत का दावा है कि साइंस कॉलेज ग्राउंड पर सड़क किनारे चौपाटी बनाना अवैध है। छोटे ,गरीब ठेले, खोमचे वालों की रोजी रोटी छीनने की साजिश है। कांग्रेस ने तेलीबांधा तालाब में चौपाटी खोलकर उस स्थान का व्यवसायीकरण कर दिया, वही खेल रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय समेत सम्पूर्ण एजुकेशन हब में करने जा रही है। भाजपा सरकार के शासनकाल में छात्र- छात्राओं के अनुकूल ,सेंट्रल लाईब्रेरी और नालंदा परिसर बनवाया,लेकिन एजुकेशन हब में बीते 4 साल से केवल ठेले और गुमटियां लग रही हैं,उसे हटाने के स्थान पर चौपाटी बनाने जा रहे हैं। हम उच्च न्यायालय भी जायेगें। आवश्यकता पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट भी जाएंगे।

इधर महापौर बोले- ये प्रोजेक्ट ही मूणत का बनवाया हुआ

गुरुवार को भाजपा के इस विरोध प्रदर्शन का जवाब खुद निगम माहापौर एजाज ढेबर ने दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट का मूणत विरोध कर रहे हैं, इसका प्रस्ताव बना ही भाजपा के वक्त था। एजाज ढेबर ने मीडिया से बात करते हुए कहा- ग्राउंड के पास यूथ हब और चौपाटी का प्रस्ताव 8- 6- 2018 को लाया गया। तब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी। जनप्रतिनिधी राजेश मूणत खुद मंत्री थे, अब विरोध कर रहे हैं ये समझ से परे है। ये तो दोहरा आचरण है। जब सरकार में थे तो खुद बनवा रहे थे, अब सरकार चली गई तो धरना दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button