विशेष लोक अदालत में आपसी सहमति से सुलझेंगे मामले, 31 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन

रायगढ़। न्याय को सरल, सुलभ और सौहार्दपूर्ण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ‘समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष आयोजन के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट में लंबित उपयुक्त मामलों का आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर निराकरण किया जाएगा।

[img-slider id="274450"]

जानकारी के अनुसार विशेष लोक अदालत का आयोजन 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को नई दिल्ली स्थित सर्वोच्च न्यायालय परिसर में किया जाएगा। इससे पहले विभिन्न जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों और उच्च न्यायालय विधिक सेवा समितियों के माध्यम से सुलह बैठकों का आयोजन किया जाएगा, ताकि पक्षकारों के बीच सहमति बन सके।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ ने भी इस संबंध में आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्राधिकरण के सचिव को इस कार्यक्रम के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। ऐसे पक्षकार, वादी-प्रतिवादी अथवा अधिवक्ता जिनके मामले सर्वोच्च न्यायालय में लंबित हैं, वे इस विशेष लोक अदालत में शामिल होने के लिए अपनी सहमति दर्ज करा सकते हैं।

प्राधिकरण द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इच्छुक पक्षकार 31 जुलाई 2026 तक निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद पात्र मामलों को सुलह-समझौते के लिए चिन्हित किया जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने नागरिकों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा है कि आपसी सहमति से विवादों का समाधान न केवल समय और धन की बचत करता है, बल्कि सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने में भी मददगार साबित होता है।

समाधान समारोह से संबंधित अधिक जानकारी के लिए सर्वोच्च न्यायालय द्वारा स्थापित विशेष सहायता केंद्र के दूरभाष नंबर और ई-मेल के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है।

Back to top button