
विश्रामपुर थाने के सामने टीएस सिंहदेव का आमरण अनशन, कांग्रेस ने FIR वापस लेने तक आंदोलन जारी रखने का किया ऐलान
सूरजपुर जिले के विश्रामपुर में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को और तेज हो गया। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने विश्रामपुर थाना परिसर के सामने आमरण अनशन शुरू कर दिया, जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठ गए। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज आर्म्स एक्ट की एफआईआर वापस नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
एक मंच पर दिखे कांग्रेस के बड़े नेता
प्रदेश की राजनीति में चल रही बयानबाजी के बीच आंदोलन स्थल पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की एकजुटता भी देखने को मिली। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव और दीपक बैज एक साथ मंच साझा करते नजर आए। तीनों नेता बाद में शिवनंदनपुर नगर पंचायत की चुनावी सभा में भी एक ही वाहन से पहुंचे।
टीएस सिंहदेव बोले- गलत धाराओं में की गई कार्रवाई
टीएस सिंहदेव ने नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज आर्म्स एक्ट की धाराओं को अनुचित बताते हुए प्रशासन से कार्रवाई वापस लेने की मांग की। उन्होंने प्रशासन को निर्णय के लिए समय सीमा दी थी और चेतावनी दी थी कि मांगें नहीं मानी गईं तो वे अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेंगे। शाम तक समाधान नहीं निकलने पर उन्होंने थाने के सामने अनशन शुरू कर दिया।
रातभर धरना स्थल पर जुटे कार्यकर्ता
अनशन शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी समर्थन में भूख हड़ताल शुरू कर दी। देर रात तक धरना स्थल पर कांग्रेस समर्थकों की भीड़ बनी रही।
भूपेश बघेल ने पुलिस प्रशासन पर साधा निशाना
शिवनंदनपुर की सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि चुनावी माहौल प्रभावित करने के उद्देश्य से कांग्रेस नेताओं पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता स्थायी नहीं होती और अधिकारियों को निष्पक्षता बनाए रखनी चाहिए।
दूसरे पक्ष पर भी दर्ज हुई FIR
कांग्रेस की प्रमुख मांगों में दूसरे पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज करना भी शामिल था। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने नरेंद्र जैन की शिकायत पर दूसरे पक्ष के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद टीएस सिंहदेव ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे न्याय की दिशा में पहला कदम बताया।
दीपक बैज ने सरकार को घेरा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आंदोलन स्थल से राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के प्रभाव का इस्तेमाल कर विपक्ष को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेंगे।
क्या है पूरा विवाद?
कांग्रेस के अनुसार, कुछ दिन पहले भाजपा कार्यकर्ता मित्तल पांडेय और कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के बीच चुनावी माहौल को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ने के बाद नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस शिकायत में आरोप लगाया गया कि नरेंद्र जैन ने कथित तौर पर धारदार हथियार दिखाकर धमकी दी थी। हालांकि अब तक पुलिस को कथित हथियार बरामद नहीं हुआ है। इसी कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस लगातार प्रदर्शन कर रही है।


