
वेदांता प्लांट ब्लास्ट केस में बड़ा एक्शन: चेयरमैन अनिल अग्रवाल समेत कई पर FIR दर्ज
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हुए वेदांता पावर प्लांट हादसे को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस ने कंपनी के चेयरमैन अनिल अग्रवाल और प्रबंधक देवेंद्र पटेल समेत कई लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
प्रारंभिक जांच में लापरवाही उजागर
प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी और प्रबंधन की जिम्मेदारी सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार हादसे में आपराधिक लापरवाही के संकेत मिले हैं।
20 मजदूरों की मौत, कई घायल
एसपी प्रफुल्ल ठाकुर के मुताबिक इस हादसे में करीब 20 लोगों की मौत हुई है, जबकि 15 से ज्यादा लोग विभिन्न अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं।
8-10 लोगों पर दर्ज हुआ केस
डभरा थाना में IPC की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अब तक 8 से 10 लोगों को आरोपी बनाया है और जांच के दौरान अन्य नाम भी जोड़े जा सकते हैं।
घायलों से मिले मंत्री
घटना के बाद श्रम एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने रायगढ़ पहुंचकर मेट्रो, जिंदल और मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की और इलाज की जानकारी ली।
प्लांट सील, जांच जारी
सरकार ने इस मामले में न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। जांच पूरी होने तक प्लांट को सील कर दिया गया है और संचालन पर रोक लगा दी गई है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि हादसे के दोषियों पर श्रम कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

