वेदांता हादसा: उमेश पटेल ने जताया शोक, दोषियों पर FIR की मांग

नन्देली/सक्ती। सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर हादसे पर खरसिया विधायक एवं पूर्व मंत्री उमेश पटेल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।


घटना को बताया बेहद दुखद

उमेश पटेल ने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही प्रशासन से घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।


औद्योगिक सुरक्षा पर उठाए सवाल

उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं औद्योगिक सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी को दर्शाती हैं। राज्य में इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।


दोषियों पर FIR की मांग

विधायक ने सख्त रुख अपनाते हुए प्लांट प्रबंधन के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच कर जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।


जांच कमेटी गठित करने की मांग

उमेश पटेल ने प्रशासन से जल्द जांच समिति गठित करने और तकनीकी चूक की पूरी जांच करने की बात कही। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वालों पर श्रम कानूनों के तहत कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।


उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाना जरूरी है।

Back to top button