शादी का झांसा देकर युवती का शोषण करने वाला आरोपी पुणे से गिरफ्तार, रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई

रायगढ़।

महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत रायगढ़ पुलिस ने दुष्कर्म के एक आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर विवाह का झांसा देकर युवती के साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इंकार करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, जशपुर जिले की रहने वाली 26 वर्षीय युवती वर्तमान में रायगढ़ के चक्रधरनगर क्षेत्र में निवास कर रही थी। युवती ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वर्ष 2021 में उसकी पहचान मोबाइल फोन के माध्यम से आनंद सिंह नामक युवक से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने उससे विवाह करने का वादा किया और विश्वास में लेकर संबंध बनाए।

शिकायत के मुताबिक वर्ष 2024 में आरोपी रायगढ़ आया और शादी का भरोसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध स्थापित किए। इसके बाद भी वह समय-समय पर रायगढ़ आता रहा। जब युवती ने विवाह के लिए दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करने लगा और अंततः शादी करने से इंकार कर दिया।

पीड़िता को बाद में जानकारी मिली कि आरोपी किसी अन्य युवती से विवाह की तैयारी कर रहा है। इसके बाद उसने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में विशेष टीम को महाराष्ट्र भेजा।

तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने पुणे से आरोपी आनंद कुमार सिंह (36 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला अपराधों से जुड़े मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई जारी है। पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button