
शासकीय महाविद्यालय लवन में राष्ट्रीय गणित दिवस मनाया गया
बलौदाबाजार,
फागुलाल रात्रे, लवन।
शासकीय महाविद्यालय लवन में राष्ट्रीय गणित दिवस मनाया गया वही महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जन्मदिवस पर गणितीय योग्यता परीक्षा, भारतीय गणितज्ञों के योगदान पर प्रस्तुतीकरण, भारतीय गणितज्ञ एवं उनके योगदान संबंधी पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गयी कार्यक्रम के अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ जय नारायण केशरवानी ने कहा कि रामानुजन को आधुनिक काल के महानतम गणित विचारकों में गिना जाता है। इन्होंने विश्लेषण एवं संख्या सिद्धांत के क्षेत्रों में गहन योगदान दिए। इन्होंने अपने प्रतिभा और लगन से न केवल गणित के क्षेत्र में अद्भुत अविष्कार किए वरन भारत को अतुलनीय गौरव भी प्रदान किया।
इन्फिनिट सीरीज, कंटिन्यूड फ्रेक्शन, एनालिसिस, मॉक थीटा फंक्शन आदि गणित के विभिन्न सिद्धांतों में महान योगदान होने के कारण इन्हें विश्व पटल पर महानतम गणितज्ञों में सम्मिलत किया जाता है गणित विभाग के प्रभारी प्राध्यापक वाय आर महिलाने ने कहा कि रामानुजन के जीवन में संख्या सिद्धांत से नए युग का सूत्रपात हुआ जिसमें प्रोफेसर हार्डी की बहुत बड़ी भूमिका थी। वे रॉयल सोसाइटी की सदस्यता के बाद कैम्ब्रिज के ट्रिनीटी कॉलेज की फेलोशिप पाने वाले पहले भारतीय भी बने। इन्होंने शून्य और अनन्त को हमेशा ध्यान में रखा और इसके अंतर्सम्बन्धों को समझाने के लिए गणित के सूत्रों का सहारा लिया।
आयोजित कार्यक्रमों में भाषण में प्रथम टीकम सिंह निराला, पॉवरपॉइंट प्रस्तुतीकरण में प्रथम नव्या अनन्या मिश्रा, पोस्टर में ईश्वरी पटेल तथा क्विज में मनीष कुमार तथा नामदेव साहू संयुक्त रूप से प्रथम रहे .
कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक संतोष पटेल, आर. के. खांडेकर आयोजन प्रभारी लीला खुटे सहित समस्त अतिथि व्याख्याता तथा विद्यार्थी बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए।