शिक्षकों की कमी से नाराज छात्रों ने स्कूल में जड़ा ताला, अभिभावकों के साथ किया प्रदर्शन

जम्हारी हाईस्कूल में रिक्त पदों को भरने की मांग, शिक्षकों की नियुक्ति तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

महासमुंद, 10 जुलाई। जिले के सरायपाली विकासखंड स्थित जम्हारी हाईस्कूल में शिक्षकों की कमी से नाराज छात्रों और अभिभावकों ने शुक्रवार को स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रिक्त पदों पर जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए शिक्षा विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।

जानकारी के अनुसार, जम्हारी हाईस्कूल में कई विषयों के शिक्षकों के पद लंबे समय से खाली पड़े हैं, जिससे विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों का कहना है कि कई बार मांग और शिकायत करने के बावजूद अब तक शिक्षा विभाग द्वारा स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है।

शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक स्कूल पहुंचे और मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने शिक्षकों की तत्काल पदस्थापना की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।

छात्रों का कहना है कि जब तक सभी रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और स्कूल का ताला नहीं खोला जाएगा।

प्रदर्शन के चलते स्कूल में शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित रहीं। फिलहाल मामले को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं छात्रों और अभिभावकों को उम्मीद है कि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

Back to top button