शोपियां मुठभेड़ में लश्कर का टॉप कमांडर जाकिर गनई ढेर, पांच दिन से जारी है ऑपरेशन

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का शीर्ष कमांडर जाकिर अहमद गनई मारा गया। बुधवार को मुठभेड़ स्थल से उसका शव बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार, जाकिर गनई उन 14 वांछित आतंकियों की सूची में शामिल था, जिसे हाल के आतंकी घटनाक्रमों के बाद खुफिया एजेंसियों ने चिन्हित किया था।

पांच दिनों से जारी है संयुक्त अभियान

सुरक्षा एजेंसियों को शोपियां के चनापोरा इलाके में आतंकियों के छिपे होने की खुफिया सूचना मिली थी। इसके बाद शनिवार शाम से इलाके की घेराबंदी कर संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, जो बुधवार को पांचवें दिन भी जारी रहा।

इस अभियान में जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना और सीआरपीएफ के जवान शामिल हैं। घने जंगलों और दुर्गम इलाके को देखते हुए अतिरिक्त बलों की भी तैनाती की गई है, ताकि आतंकियों के संभावित भागने के रास्तों को पूरी तरह सील किया जा सके।

लगातार चल रही है तलाशी कार्रवाई

सुरक्षाबल पिछले कई दिनों से आसपास के गांवों और जंगलों में व्यापक तलाशी अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अन्य आतंकियों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए अभियान अभी जारी है।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

Back to top button