श्री रूपाणाधाम स्टील में उत्साह के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
रायगढ़। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ग्राम सरायपाली, गेरवानी स्थित श्री रूपाणाधाम स्टील प्राइवेट लिमिटेड परिसर में रविवार को सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और योग तथा प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन कंपनी के डायरेक्टर सनी अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर राजेश शर्मा, सुजीत गिरी, दिनेश शर्मा सहित कंपनी के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। योग सत्र का संचालन एवं प्रशिक्षण योग प्रशिक्षक कुमार (पावर जिम, रायगढ़) द्वारा कराया गया।
योग प्रशिक्षक ने कर्मचारियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, मानसिक एकाग्रता बढ़ती है तथा व्यक्ति स्वस्थ एवं ऊर्जावान बना रहता है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली में योग का महत्व और भी बढ़ गया है। नियमित योग करने से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि कार्यस्थल पर कार्यक्षमता और सकारात्मक सोच में भी वृद्धि होती है।
कंपनी प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। साथ ही कार्यस्थल पर स्वस्थ वातावरण के निर्माण में योगदान देने की अपील की गई।
योग दिवस कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। आयोजन के दौरान कर्मचारियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने नियमित योग करने का संकल्प लिया।



