संसद के मानसून सत्र में सरकार पेश करेगी 7 अहम विधेयक, ‘वंदे मातरम्’ के सम्मान से जुड़े कानून पर भी नजर
नई दिल्ली, 17 जुलाई। संसद के आगामी मानसून सत्र में केंद्र सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने की तैयारी में है। इनमें राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के सम्मान और उसके गायन में बाधा पहुंचाने या अपमान करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी प्रावधान से जुड़ा संशोधन विधेयक भी शामिल है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, मानसून सत्र के दौरान सरकार कुल सात महत्वपूर्ण विधेयक संसद में पेश कर सकती है। इनमें राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक (एफसीआरए), जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण संशोधन विधेयक, आयकर संशोधन विधेयक, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विकास संशोधन विधेयक, सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने से संबंधित विधेयक तथा शिक्षा क्षेत्र से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विधेयक शामिल हैं।
प्रस्तावित राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण संशोधन विधेयक के तहत ‘वंदे मातरम्’ का अपमान करने या इसके गायन में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान किया जा सकता है। सरकार का मानना है कि राष्ट्रीय गीत देश की एकता, अखंडता और देशभक्ति का प्रतीक है तथा उसके सम्मान की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
मानसून सत्र के दौरान विपक्ष भी कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, कानून-व्यवस्था और अन्य जनहित के मुद्दों पर संसद में तीखी बहस होने के आसार हैं।
संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होने जा रहा है और इसे राजनीतिक तथा विधायी दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



