संसद मार्च के पहले दिन हिंसक झड़प : 118 पुलिसकर्मी घायल, 70 प्रदर्शनकारी हिरासत में, आज फिर पैदल मार्च का ऐलान
नई दिल्ली, 21 जुलाई। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन आयोजित सीजेपी (CJP) के ‘संसद मार्च’ के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस घटना में 118 पुलिसकर्मी घायल हुए, 15 से 20 सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचा और करीब 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
बैरिकेड तोड़ने के बाद बढ़ा तनाव
पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़कर संसद की ओर बढ़ने का प्रयास किया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े। दूसरी ओर, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर बल प्रयोग का आरोप लगाया है।
70 प्रदर्शनकारी हिरासत में
दिल्ली पुलिस ने बताया कि हिंसा, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून-व्यवस्था भंग करने के आरोप में करीब 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। मामले में कई एफआईआर भी दर्ज की गई हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
आज फिर होगा पैदल मार्च
हिंसा के बावजूद सीजेपी ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी फिर जंतर-मंतर पहुंचे और संगठन ने दोबारा पैदल मार्च निकालने की घोषणा की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।



