संसद में पीएम मोदी से मिलने पहुंची 10 वर्षीय अनीशा, बच्ची के सवालों पर हंस पड़े PM

नई दिल्ली: एक 10 वर्षीय बच्ची अनीशा के लिए उसका सपना तब सच हो गया, जब वो बुधवार को संसद भवन पहुंची और पीएम नरेंद्र मोदी से मुलकात की. बता दें कि अनीशा अहमदनगर के सांसद डॉक्टर सुजय विखे पाटिल की पुत्री हैं और महाराष्ट्र के दिग्गज राजनेता राधाकृष्ण विखे पाटिल की पोती हैं. अनीशा, पीएम मोदी से मिलने के लिए बेहद उत्सुक थी और अपने माता-पिता से उसे पीएम से मिलाने को कह रही थीं.

अनीशा पाटिल को उनके मां-बाप इस बात के लिए समझाते रहे कि पीएम का शेड्यूल बहुत बिजी रहता है और वो शायद आपको मिलने का वक़्त न दे सकें. जब मां-बाप ने नहीं सुनी तो छोटी बच्ची ने अपने पिता के लैपटॉप से खुद ही पीएम को एक ई-मेल भेज डाला…मेल में अनीशा ने लिखा कि, ‘हैलो सर, मैं हूं अनीशा और मैं सच में आकर आपसे मिलना चाहती हूं.’ जब बच्ची के पास पीएम का जवाब आया, तो उसकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा. पीएम मोदी ने जवाब देते हुए लिखा कि ‘दौड़ के चली आओ बेटा (जल्दी करें)’. जब विखे पाटिल परिवार संसद पहुंचा तो पीएम मोदी का पहला प्रश्न यही था कि अनीशा कहां है? फिर अनीशा ने पीएम मोदी से मिलने पर खुशी व्यक्त की.

[img-slider id="274450"]

अनीशा की पीएम मोदी से मुलाकात लगभग 10 मिनट तक चली, पीएम ने उन्हें चॉकलेट दी. अनीशा के मन में पीएम को लेकर जितने भी सवाल थे, उन्होंने वो सब पूछ डाले. अनीशा ने पूछा क्या आप यहां बैठते हो? क्या यह आपका ऑफिस है? कितना बड़ा ऑफिस है? जिसका जवाब देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह मेरा परमानेंट ऑफिस नहीं है. मैं आपसे मिलने के लिए यहाँ आया था, क्योंकि आप यहां आई थीं. जब पीएम मोदी जवाब दे ही रहे थे कि अनीशा ने फिर सवाल दागा, क्या आप गुजरात से हैं? आप कब राष्ट्रपति बनेंगे. इस पर पीएम मोदी हंस पड़े. दरअसल, अनीशा पिछले कई महीनों से पीएम मोदी से मिलना चाहती थी. आखिरकार एक ई-मेल ने उन्हें पीएम मोदी से मिलवा ही दिया. संसद के व्यस्त कार्यक्रम में पीएम मोदी ने एक बच्ची की छोटी सी इच्छा भी वक़्त निकालकर पूरी कर दी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button