नहीं रही स्वर कोकिला लता मंगेशकर…. शोक में डूबा पूरा देश

रविवार को देश की मशहूर गायिका और स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन का समाचार सुनते ही पूरा देश शोकाकुल हो गया। लता  के निधन पर केंद्र सरकार ने दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। लता के निधन पर राजनीतिक हस्तियों से लेकर बॉलीवुड इंडस्ट्री से जुड़े दिग्गजों ने शोक व्यक्त किया है।

Sun, 06 Feb 2022 10:46 AM

आज शाम शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार

मिली जानकारी के अनुसार, आज शाम साढ़े चार बजे लता मंगेशकर के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार मुंबई के शिवाजी पार्क में होगा। इससे पहले दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक लता के आवास पर उनके अंतिम दर्शन हो सकेंगे।

Sun, 06 Feb 2022 10:42 AM

अमित शाह, राहुल गांधी और सीएम योगी ने जताया दुख

लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ और राहुल गांधी ने शोक जताया। योगी ने कहा कि उनका जाना अत्यंत दुखद है। कला जगत को अपूर्णीय क्षति हुई है। अमित शाह ने ट्वीट किया, मैं खुद को सौभाग्यशाली समझता हूं कि समय-समय पर मुझे लता दीदी का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त होता रहा। अपने अतुलनीय देशप्रेम, मधुर वाणी और सौम्यता से वो सदैव हमारे बीच रहेंगी। उनके परिजनों व असंख्य प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ।

वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा, “लता मंगेशकर जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त किया। वह कई दशकों तक भारत की सबसे प्रिय आवाज बनी रहीं। उनकी सुनहरी आवाज अमर है और उनके प्रशंसकों के दिलों में गूंजती रहेगी। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।”

दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित

देश की सबसे लोकप्रिय संगीकार लता मंगेशकर के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। केंद्र सरकार ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है।

Sun, 06 Feb 2022 10:31 AM

राजनीतिक गलियारे से बॉलीवुड के दिग्गजों ने जताया शोक

लता मंगेशकर के निधन पर तमाम राजनीतिक और बॉलीवुड इंडस्ट्री के लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी है। शिवसेना सांसद संजय राउत ने ट्वीट करते हुए लिखा कि लता मंगेशकर हमेशा अमर रहेंगी। वहीं, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि आज मैं मुंबई आया था और दुख भरा समाचार सुना। संगीत की दुनिया में उनके योगदान को कोई भुला नहीं सकता। लता मंगेशकर के निधन के समाचार से बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर है। तमाम संगीतकारों ने उनके निधन को बड़ी क्षति बताया है।

पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

पीएम नरेंद्र मोदी ने लता मंगेशकर के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “लता दीदी के गानों ने कई तरह के इमोशन्स को उभारा। उन्होंने दशकों तक भारतीय फिल्म जगत के बदलावों को करीब से देखा। फिल्मों से परे, वह हमेशा भारत के विकास के बारे में भावुक थीं। वह हमेशा एक मजबूत और विकसित भारत देखना चाहती थी।”

Sun, 06 Feb 2022 10:30 AM

शिवसेना नेता संजय राउत ने ट्वीट कर दी थी जानकारी

रविवार को शिवसेना सांसद संजय राउत ने ट्वीट करते हुए जानकारी दी कि महान गायिका लता मंगेशकर का निधन हो गया है। डॉक्टरों ने इससे पहले शनिवार को जानकारी दी थी कि लता मंगेशकर को स्वास्थ्य स्थिर होने के बाद वेंटिलेटर से आईसीयू शिफ्ट किया गया था लेकिन अचानक बीते रोज उनकी सेहत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें फिर वेंटिलेटर पर रखा गया था। रविवार सुबह उन्होंने अस्पताल में ही आखिरी सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button