नए पुलिस कैंप पर नक्सली हमला : 2 जवानों और 2 मजदूरों को लगी गोली नक्सलियों ने दागे 15 गोले

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में बैलाडीला की पहाड़ियों के नीचे बनाए जा रहे नए पुलिस कैंप पर नक्सलियों ने हमला कर दिया। घने जंगलों की ओर से नक्सलियों ने कैंप पर 15 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर दागे। साथ ही अंधाधुंध फायरिंग भी की। नक्सलियों के इस हमले से CAF के 2 जवान और 2 महिला मजदूर घायल हो गईं हैं। हालांकि, सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। एक महिला मजदूर को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि दोनों जवान और दूसरी महिला मजदूर का कैंप में ही उपचार किया गया। मिली जानकारी के मुताबिक अति संवेदनशील इलाके हिरोली में हाल ही में पुलिस कैंप स्थापित किया गया है। बुधवार की रात नक्सलियों ने कैंप पर अचानक हमला कर दिया। अचानक हुई इस गोलीबारी के बाद जवानों ने फौरन मोर्चा संभाला। नक्सलियों की गोलियों का मुंहतोड़ जवाब दिया गया। करीब 40 मिनट तक यहां रुक-रुक कर गोलीबारी चलती रही। नक्सलियों की फायरिंग में CAF के आरक्षक सलीम लकड़ा की पीठ पर और आरक्षक किशन सूर्यवंशी के दाहिने कान के पीछे गोली लग गई। वहीं कैंप निर्माण के काम में लगे मजदूर भी इस गोलीबारी से अछूते नहीं रहे। मजदूर दुले हेमला के पेट और बुदरी ताती के चेहरे को छूकर गोली निकल गई है। हालांकि सभी की स्थित खतरे से बाहर बताई जा रही है। देर रात 108 की मदद से महिला मजदूर दुले को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल भिजवाया गया। अन्य का कैंप में पदस्थ डॉक्टरों ने इलाज किया। SP सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि सभी की स्थिति खतरे से बाहर है। नक्सलियों ने हमला करने से पहले पूरी प्लानिंग कर रखी थी। कैंप तक पहुंचने वाली कच्ची सड़क के बीच ट्रैक्टर खड़ा कर दिया था। साथ ही गड्ढा कर मार्ग भी बंद कर दिया था। ताकि फायरिंग के बाद बैकअप पार्टी को आने में समय लग जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button