सरगुजा: जमीन का रकबा बढ़ाकर बेचने का आरोप, तत्कालीन पटवारी समेत 3 पर FIR
सरगुजा। जिले के मेंड्राकला गांव में सरकारी भू-अभिलेख में कथित तौर पर हेरफेर कर जमीन का रकबा बढ़ाने का मामला सामने आया है। जमीन खरीदने के बाद मौके पर सीमांकन कराने पर रिकॉर्ड और वास्तविक जमीन के क्षेत्रफल में अंतर मिलने पर व्यवसायी ने मामले की शिकायत कलेक्टर से की। जांच के बाद मणिपुर थाना पुलिस ने तत्कालीन हल्का पटवारी समेत तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
रिकॉर्ड में 0.433 से बढ़ाकर 0.753 हेक्टेयर करने का आरोप
मामला ग्राम मेंड्राकला के खसरा नंबर 922 से जुड़ा है। ब्रह्मरोड निवासी व्यवसायी रमेश कुमार अग्रवाल ने पाण्डु और बुढ़िया से उक्त जमीन खरीदने का सौदा किया था। दस्तावेजों में जमीन का रकबा 0.753 हेक्टेयर दर्ज था। व्यवसायी ने पूरी राशि का भुगतान कर जमीन की रजिस्ट्री कराई और बाद में नामांतरण की प्रक्रिया भी पूरी हुई।
इसके बाद जब जमीन का मौके पर सीमांकन कराया गया तो वास्तविक रकबा रिकॉर्ड में दर्ज क्षेत्रफल से काफी कम पाया गया। इसके बाद व्यवसायी ने मामले की शिकायत सरगुजा कलेक्टर से की।
जांच में सामने आई रिकॉर्ड में कथित कूटरचना
कलेक्टर के निर्देश पर भू-अभिलेख शाखा ने मामले की जांच के लिए समिति गठित की। जांच में सामने आया कि संबंधित जमीन का मूल रकबा 0.433 हेक्टेयर दर्ज था।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2005 से 2007 के बीच मेंड्राकला क्षेत्र में पदस्थ तत्कालीन हल्का पटवारी पन्ने लाल सोनवानी पर रिकॉर्ड में ओवरराइटिंग और कथित कूटरचना के जरिए जमीन का रकबा बढ़ाकर 0.753 हेक्टेयर किए जाने का आरोप है।
इसी रिकॉर्ड के आधार पर जमीन की बिक्री किए जाने की बात जांच में सामने आई।
पटवारी समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
जांच के बाद मणिपुर थाना पुलिस ने पाण्डु, बुढ़िया और तत्कालीन हल्का पटवारी पन्ने लाल सोनवानी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने प्रकरण में धारा 420, 467, 468, 471 और 120बी के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब जमीन के दस्तावेजों, राजस्व रिकॉर्ड में हुई कथित छेड़छाड़ और जमीन की बिक्री से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

