सरगुजा में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई : 3 लाख के एक्सपायर्ड फूड जब्त, 50 हजार जुर्माना

अंबिकापुर। सरगुजा जिले में खाद्य एवं औषधि विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बस स्टैंड क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान करीब 3 लाख रुपए से अधिक के एक्सपायर्ड फूड पैकेट और खराब मिठाइयां बरामद की गईं।


एक्सपायरी डेट से छेड़छाड़, सड़ी मिठाइयां बिक रही थीं

जांच के दौरान सामने आया कि कई पैकेट्स की एक्सपायरी डेट मिटाई गई थी या मार्कर से छेड़छाड़ की गई थी। वहीं दुकान में रखी मिठाइयां पूरी तरह खराब और सूखी हुई थीं, जिन्हें ग्राहकों को बेचा जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान खराब मिठाइयों को जब्त कर कचरा वाहन से एसएलआरएम सेंटर भेजा गया, जहां उन्हें नष्ट किया जाएगा।


दो दुकानों पर कार्रवाई, लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया

बस स्टैंड स्थित शिवम मिष्ठान और डेली नीड्स में यह अनियमितताएं मिलने के बाद दोनों दुकानों पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही उनके लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई कलेक्टर अजीत बसंत के निर्देश पर की गई।


ग्रामीण ग्राहकों को बनाया जा रहा था निशाना

खाद्य अधिकारी नितेश कुमार मिश्रा ने बताया कि बस स्टैंड पर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग अधिक संख्या में रहते हैं, जिनकी जागरूकता कम होने का फायदा उठाकर दुकानदार घटिया और एक्सपायर्ड सामान बेच रहे थे।


अन्य दुकानों पर भी गिरी गाज

  • लक्ष्मी स्वीट्स – ₹10,000 जुर्माना
  • आरुषि स्वीट्स – ₹25,000 जुर्माना
  • छत्तीसगढ़ बर्फ फैक्ट्री – ₹2,000 जुर्माना
  • गोल्डन आइस फैक्ट्री – ₹3,000 जुर्माना

इन सभी जगहों पर भी जांच के दौरान गंदगी और घटिया खाद्य सामग्री पाई गई।


अभियान रहेगा जारी

खाद्य एवं औषधि विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और मिलावटखोरों एवं नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Back to top button