सरगुजा में ACB की बड़ी कार्रवाई, कृषि विस्तार अधिकारी 1 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार

अंबिकापुर। सरगुजा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कृषि विस्तार अधिकारी (बीज निरीक्षक) को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर तीन लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।


कार्रवाई का डर दिखाकर मांगी थी रिश्वत

जानकारी के अनुसार, हैदराबाद की ‘साईं भव्या सीड्स’ कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर अजीत कुमार कश्यप ने ACB से शिकायत की थी। कंपनी द्वारा धान और मक्का के बीज का भंडारण दरिमा रोड स्थित माँ महामाया कोल्ड स्टोरेज में किया गया था, जिसकी जानकारी कृषि विभाग को मिली।

जांच के दौरान कृषि विस्तार अधिकारी सोहन लाल भगत ने अवैध भंडारण का मामला बनाकर कार्रवाई करने का डर दिखाया और मामले को दबाने के लिए 3 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की।


शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल

शिकायत मिलने के बाद ACB सरगुजा ने मामले की पुष्टि कर कार्रवाई की योजना बनाई। रविवार 12 अप्रैल को जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 1 लाख रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।


पीसी एक्ट के तहत मामला दर्ज

ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB की सख्ती के रूप में देखा जा रहा है।

Back to top button