सरायपाली में 29 नवंबर को छत्तीसगढ़ उत्कल ब्राह्मण समाज की प्रांतीय आमसभा, प्रदेशभर से जुटेंगे समाजजन

सरायपाली। छत्तीसगढ़ प्रदेश उत्कल ब्राह्मण समाज के संगठन को अधिक मजबूत और व्यापक बनाने के उद्देश्य से 29 नवंबर 2026 को प्रांतीय आमसभा आयोजित की जा रही है। यह बैठक भंवरपुर रोड स्थित सिमरन पैलेस, सरायपाली में होगी, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में समाज के लोगों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
विधायक पुरंदर मिश्रा रहेंगे विशेष रूप से मौजूद
आमसभा में छत्तीसगढ़ प्रदेश उत्कल ब्राह्मण समाज के प्रदेश अध्यक्ष और रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। बैठक के दौरान प्रदेश कार्यकारिणी द्वारा तय किए गए एजेंडे पर चर्चा की जाएगी और संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।
सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी बैठक
छत्तीसगढ़ उत्कल ब्राह्मण समाज के प्रदेश महासचिव सत्यदेव शर्मा ने बताया कि समाज को एक साझा मंच प्रदान करने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जशपुर से दंतेवाड़ा और सरायपाली से सरगुजा तक समाज के बीच पारिवारिक व सामाजिक संबंधों के चलते संगठन को मजबूती मिली है। यह आमसभा सुबह 10:30 बजे शुरू होकर दोपहर 3:00 बजे समाप्त होगी।
आयोजन की तैयारियों में जुटे पदाधिकारी
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिलाध्यक्ष नित्यानंद मिश्रा, सर्व ब्राह्मण समाज सरायपाली के अध्यक्ष सुरेंद्र सामंतराय, तहसील अध्यक्ष सहित जिला व तहसील समिति के पदाधिकारी तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
