कोरबा में कोबरा के डसने से युवक की हालत बिगड़ी, इलाज से पहले अस्पताल लाया गया सांप

कोरबा। जिले के दादर क्षेत्र में घर के अंदर सफाई कर रहे रामदयाल को कोबरा सांप ने डस लिया। परिजन उन्हें तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने सांप की पहचान के बाद इलाज शुरू करने की बात कही, जिसके बाद परिजनों ने स्नेक कैचर की मदद से कोबरा को पकड़कर अस्पताल पहुंचाया। सांप की पहचान होने के बाद रामदयाल का उपचार शुरू किया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घर में सफाई के दौरान बिल के पास पहुंचते ही निकला कोबरा

रामदयाल के मुताबिक, वह घर के अंदर झाड़ी साफ कर रहे थे। इसी दौरान जमीन में बने एक बिल के पास पहुंचते ही अचानक कोबरा बाहर निकला और उन्हें डस लिया। घटना के बाद सांप वापस उसी बिल में चला गया।

डॉक्टरों ने पहचान के लिए सांप लाने को कहा

सांप के डसने के बाद परिजन रामदयाल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने सांप की पहचान के बारे में जानकारी मांगी और उसे दिखाने के लिए कहा। इसके बाद अस्पताल की सूचना पर स्नेक कैचर टीम को बुलाया गया।

बिल खोदकर आधे घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा गया कोबरा

स्नेक कैचर टीम को बताया गया कि सांप डसने के बाद बिल में घुस गया है। टीम ने सावधानीपूर्वक बिल की तलाश शुरू की। करीब आधे से एक घंटे की मशक्कत के बाद बिल खोदकर कोबरा को बाहर निकाला गया और सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया।

सांप की पहचान के बाद शुरू हुआ इलाज

रेस्क्यू किए गए कोबरा को पहचान के लिए अस्पताल लाया गया। सांप की पहचान होने के बाद डॉक्टरों ने रामदयाल का उपचार शुरू किया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और उन्हें खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

रेस्क्यू किया गया कोबरा जंगल में छोड़ा जाएगा

स्नेक कैचर टीम के मुताबिक, पकड़े गए कोबरा को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जंगल में छोड़ा जाएगा। बरसात के मौसम में सांपों के बिलों से बाहर निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में घर के आसपास झाड़ियों और कचरे की नियमित सफाई रखने की सलाह दी जाती है।

Back to top button