
किरन्दुल।= शहर में तेज आवाज वाले कस्टमाइज्ड सायलेंसर लगाकर सड़कों पर फर्राटा भरने वाले युवाओं पर किरन्दुल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। ध्वनि प्रदूषण फैलाने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले 05 बुलेट वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 25,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आर.के. बर्मन एवं एसडीओपी श्री कमलजीत पाटले के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी किरन्दुल संजय यादव के नेतृत्व में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
दिनांक 10 फरवरी 2026 को शहर में विशेष चेकिंग के दौरान 05 बुलेट वाहन क्रमांक — CG-18-L-1808, CG-04-LP-7261, CG-12-M-9531, CG-19-BD-0663 एवं CG-18-J-8975 — में अवैध कस्टमाइज्ड सायलेंसर लगे पाए गए, जिनसे तेज आवाज के कारण आम नागरिकों को असुविधा हो रही थी।
पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 182(क)(4) के तहत प्रत्येक वाहन पर 5-5 हजार रुपये का चालान किया। मौके पर ही सभी कस्टमाइज्ड सायलेंसर निकलवाकर वाहन चालकों को भविष्य में दोबारा इस प्रकार की हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी गई।
पुलिस का संदेश साफ – नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
किरन्दुल पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में अनुशासन और यातायात व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश गया है कि नियमों की अनदेखी अब भारी पड़ेगी।




