सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के नए पुलिस अधीक्षक बने सुनील शर्मा, संभाला पदभार
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 14 जुलाई। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को नया पुलिस नेतृत्व मिल गया है। वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी सुनील शर्मा ने मंगलवार को जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
सुनील शर्मा इससे पहले सुकमा और सरगुजा जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने पुलिस मुख्यालय रायपुर में एआईजी तथा छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के एडीसी के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। विभिन्न प्रशासनिक और पुलिस पदों पर कार्य करते हुए उन्होंने प्रभावी पुलिसिंग और प्रशासनिक प्रबंधन का अनुभव हासिल किया है।
पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडेय, एसडीओपी स्नेहिल साहू, एसडीओपी विजय कुमार ठाकुर, डीएसपी (मुख्यालय) संतोषी ग्रेस, रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने नए पुलिस अधीक्षक का स्वागत करते हुए जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग का भरोसा जताया।
नए एसपी की नियुक्ति को जिले की पुलिस व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि उनके अनुभव और कार्यशैली से जिले में अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।



