सारंगढ़-बिलाईगढ़ में बिना लाइसेंस कीटनाशक बेचने पर कार्रवाई, कृषि विभाग ने जब्त किया स्टॉक
सारंगढ़-बिलाईगढ़। किसानों को मानक और गुणवत्तायुक्त कीटनाशक उपलब्ध कराने तथा बिना अनुमति कृषि रसायनों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने जांच अभियान तेज किया है। इसी क्रम में बिलाईगढ़ विकासखंड के विभिन्न कीटनाशक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान ग्राम बेंगपाली में बिना वैध अनुज्ञप्ति के कीटनाशक बेचने का मामला सामने आया।
बिना लाइसेंस बिक्री करते मिला व्यक्ति
कृषि विभाग की टीम को बेंगपाली में देवेन्द्र साहू द्वारा बिना वैध अनुज्ञप्ति के कीटनाशक बेचे जाने की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान बिना लाइसेंस कीटनाशक बिक्री किए जाने की पुष्टि होने पर विभागीय अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध कीटनाशकों को नियमानुसार जब्त करने की कार्रवाई की। जब्त सामग्री को संबंधित व्यक्ति की सुपुर्दगी में रखा गया।
गुणवत्ता जांच के लिए भेजा गया सैंपल
विभागीय टीम ने जब्त कीटनाशकों में से गुणवत्ता परीक्षण के लिए नमूने भी लिए हैं। इन नमूनों को अधिकृत प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने के बाद उसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
किसानों से बिल लेकर खरीदारी करने की अपील
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे कीटनाशक और अन्य कृषि आदान केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें। खरीदारी के दौरान विक्रेता से बिल लेना भी सुनिश्चित करें।
विभाग के अनुसार जिले में कृषि आदानों की गुणवत्ता और बिक्री व्यवस्था की नियमित जांच की जा रही है, ताकि किसानों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री मिल सके और अनधिकृत बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
कार्रवाई के दौरान जिला निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, कृषि विकास अधिकारी उमेंद्र साहू, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी दीनानाथ साहू, मायाराम जोल्हे और ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर प्रकाश कुमार थवाईत मौजूद रहे।











