सारण में बाढ़ के बीच राहत-बचाव तेज, NDRF-SDRF की 19 टीमें तैनात; 40 हजार राशन पैकेट भेजे जा रहे

सारण, बिहार। बिहार के सारण जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित निकालने और जरूरी सामग्री पहुंचाने के लिए NDRF और SDRF की कुल 19 टीमें तैनात की गई हैं। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

NDRF की 12 और SDRF की 7 टीमें संभाल रहीं मोर्चा

सारण में NDRF की 12 और SDRF की 7 टीमें राहत-बचाव कार्य में लगी हैं। NDRF की टीमों में करीब 360 प्रशिक्षित कर्मी शामिल हैं। इनके पास 50 से अधिक नावों के साथ लाइफ जैकेट, लाइफबॉय और अन्य बचाव उपकरण उपलब्ध हैं। दूसरे जिलों से भी अतिरिक्त टीमें सारण भेजी गई हैं।

हेलिकॉप्टर से पहुंचाया जा रहा राशन

जहां सड़क या अन्य माध्यमों से राहत सामग्री पहुंचाना मुश्किल है, वहां हेलिकॉप्टर की मदद ली जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, 3,000 से अधिक राशन पैकेट एयर ड्रॉप किए जा चुके हैं और 2 अक्टूबर की शाम तक 5,000 से अधिक पैकेट एयर ड्रॉप करने का लक्ष्य रखा गया था।

अलग-अलग जिलों से 40 हजार राशन पैकेट

सारण के लिए बिहार के विभिन्न जिलों से कुल 40,000 राशन पैकेट भेजे जा रहे हैं। इनमें पटना से 10 हजार, सीवान से 15 हजार, भोजपुर से 5 हजार, बक्सर से 5 हजार और वैशाली से 5 हजार पैकेट शामिल हैं।

75 हजार पॉलिथीन शीट भी भेजी जा रहीं

बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने के लिए 75,000 पॉलिथीन शीट भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन के मुताबिक राहत सामग्री के वितरण, बचाव अभियान और जरूरी सेवाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

आपात स्थिति में 1070 पर संपर्क

आपदा प्रबंधन विभाग ने बाढ़ प्रभावित लोगों से आपात स्थिति में राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) के टोल-फ्री नंबर 1070 पर संपर्क करने की अपील की है।

Back to top button