
हाजीपुर. वैशाली जिला में प्रेम प्रसंग का एक नया मामला सामने आया है. राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी युवती ने वैशाली के हाथसार गंज निवासी युवती से शादी कर ली. युवती का दावा है कि वह सांसद निहालचंद मेघवाल ऊर्फ निहालचंद चौहान की बहन है. युवती ने एक वीडियो जारी कर खुद की जान बचाने की गुहार लगा रही है. साथ ही पिता से आग्रह कर रही है कि उन्हें टॉर्चर न किया जाए. वीडियो में युवती ने आरोप लगाया है कि उन्हें और उनके पति को राजनीतिक रसूख का फायदा उठाते हुए परेशान किया जा रहा है. वह पुलिस के डर से भागती फिर रही है. दूसरी तरफ, श्रीगंगानगर से सांसद निहालचंद मेघवाल ने युवती के दावों को खारिज किया है. इस संबंध में श्रीगंगानगर सांसद निहालचंद मेघवाल का कहना है कि वह न तो इस लड़की को और न ही उनके परिवार को जानते हैं. उनका कहना है कि इस बारे में उनसे किसी ने संपर्क भी नहीं किया, ऐसे में उनका नाम क्यों लिया जा रहा है, यह समझ से बाहर है.
कोर्ट मैरिज के दस्तावेजों के अनुसार, युवती का नाम कनिका सोनी है और वह हनुमानगढ़ की रहने वाली हैं. वहीं, युवक लक्की है ओर वह वैशाली के हाथसार गंज के रहने वाले हैं. कनिका ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर जिम ट्रेनर लक्की से शादी कर ली. कोर्ट मैरिज करने के बाद दोनों राजस्थान से वैशाली चले आए. इसी दौरान दोनों ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें कनिका ने बीजेपी सांसद निहालचंद मेघवाल उर्फ़ निहालचंद चौहान को अपना भाई बताया है. वीडियो में युवती कह रही है, ‘पापा आप निहालचंद मेघवाल के पॉलिटिकल पावर का इस्तेमाल कर परेशान कर रहे हैं. हमें जीने दीजिए. मैंने अपनी मर्जी से शादी की है और मैं लक्की के साथ ही सेटल होना चाहती हूं.’ राजस्थान पुलिस जब मामले की जांच के लिए वैशाली पहुंची तो मामले का खुलासा हुआ. स्थानीय पुलिस का कहना है कि राजस्थान पुलिस अपहरण के एक मामले की छानबीन के लिए यहां पहुंची थी. युवती के खुद को सांसद का बहन बताने की बात पर पुलिस ने कहा कि जांच के बाद ही इसका पता चल सकेगा.
वीडियो में युवती ने लगाई गुहार
कनिका ने वीडियो जारी कर कहा, ‘पापा मैं मानती हूं कि मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई मैंने आपकी मर्जी के खिलाफ लक्की से शादी की है, क्योंकि मैं उससे बहुत ज्यादा प्यार करती हूं. मैं लक्की को नहीं छोड़ सकती. सांसद निहालचंद मेघवाल के पॉलिटिकल पावर का इस्तेमाल कर जो आप मुझे टॉर्चर करवा रहे हो…पापा प्लीज इसे बंद कर दो. पुलिस हमें हर जगह टॉर्चर कर रही है…हमें ढूंढ़ रही है, इस बंद करवा दीजिए. हमने 4 दिन से कुछ भी खाया-पिया नहीं है. हम छिप-छिप कर रह रहे हैं. प्लीज पापा इसे बंद कर दीजिए और मुझे लक्की के साथ अपनी लाइफ सेट करने दीजिए. मुझे लक्की के साथ रहना है.’ कनिका ने वीडियो में अपने पिता पर घर में बंद करने और जबरन शादी करवाने का भी आरोप लगाया है.




