सीईओ जिला पंचायत ऋषिकेश तिवारी ने ली मैराथन समीक्षा बैठक
विकास कार्यों में तेजी लाने और समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
बैंगीनडीह में झाराशिल्पी गढ़ कलेवा और सीम आर्ट का किया निरीक्षण
सारंगढ़ न्यूज़/ ग्रामीण विकास को मूर्त रूप देने और धरातल में शासकीय परियोजनाओं के अक्षरशः क्रियान्वयन को लेकर नवपदस्थ जिप सीईओ ऋषिकेश तिवारी निरंतर पदभार के बाद क्षेत्र और शासन के बड़े कार्यो का निरंतर निरीक्षण कर रहे हैं। नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जिला पंचायत सारंगढ़-बिलाईगढ़ श्री ऋषिकेश तिवारी द्वारा आज जनपद पंचायत सारंगढ़ में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समस्त हितग्राहीमूलक और विकास योजनाओं की मैराथन समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), एनआरएलएम (बिहान) और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की जांच की गई।
सीईओ श्री तिवारी ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों, सरपंचों और सचिवों को स्पष्ट हिदायत दी कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी को नियमतः और गुणवत्तापूर्ण कार्य त्वरित गति से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
शिल्पकारों का बढ़ाया हौसला, राष्ट्रीय पटल पर पहचान दिलाने की बात कही – समीक्षा बैठक के उपरांत जिला पंचायत सीईओ ग्राम पंचायत बैगिनडीह (Baigindih) पहुंचे। वहां उन्होंने स्थानीय झाराशिल्प (बेल मेटल आर्ट) के शिल्पकारों से आत्मीय मुलाकात की। श्री तिवारी ने शिल्पकारों की बेजोड़ कलाकृति और हुनर की भूरि-भूरि सराहना करते हुए कहा कि इस पारंपरिक हस्तशिल्प को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान और मंच दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने उक्त योजना को बड़ा रूप देने के उद्देश्य से और हितग्राहियों को लाभ पहचाने को लेकर आरईएस विभाग को उनसे संबंधित बड़ा स्ट्रक्चर तैयार करने के निर्देश दिए है।
गढ़ कलेवा और सी-मार्ट का औचक निरीक्षण –
अपने दौरे के अगले क्रम में सीईओ ने गढ़ चौक स्थित ‘गढ़ कलेवा’ और ‘सारबीला सी-मार्ट’ का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां स्वसहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय व्यंजनों और उत्पादों की उपलब्धता तथा बिक्री की जानकारी ली और कुछ सुधार की भी बात कही।
इस पूरे दौरे और समीक्षा बैठक के दौरान जिला पंचायत से डीईओ संजू पटेल, जनपद पंचायत सारंगढ़ सीईओ राधेश्याम नायक, एपीओ शशिकांत गुप्ता एवं पीओ युवराज पटेल सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।



