छत्तीसगढ़ : लव मैरिज के 10 दिन बाद दुल्हन की बेरहमी से हत्या, पति ने पीट-पीटकर मार डाला, बार में शराब पीते आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक युवक ने पीट-पीट कर अपनी पत्नी को मार डाला। 10 दिन पहले ही युवक ने लव मैरिज की थी। पत्नी की हत्या के बाद लाश को घर में बंद कर युवक शराब पीने चला गया। युवक की मां जब घर पहुंची तो हत्या का खुलासा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और शव नीला भी पड़ चुका था। आरोपी नशे में धुत्त था, जिसकी वजह से हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

[img-slider id="274450"]

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, जामुल थाना क्षेत्र के लक्ष्मी पारा निवासी चिंत्रलेखा देवांगन (27 वर्ष) की 30 अप्रैल को संतोषी पारा निवासी विवेक गुप्ता (30 वर्ष) से लव मैरिज हुई थी। लव मैरिज के बाद दोनों परिवार से अलग लक्ष्मी पारा में मिले घर में रह रहे थे। देख-रेख के लिए विवेक की मां वहां जाया करती थी। तबीयत खराब होने की वजह से पिछले कई दिनों से वह नहीं आ रही थी। मंगलवार दोपहर जब वह लक्ष्मी पारा पहुंची तो दरवाजा बाहर से बंद था। इस पर विवेक की मां ने आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर पड़ोसियों की मदद से वह गेट खोल अंदर चली गईं। घर के अंदर विवेक की मां दाखिल हुई तो वहां खौफनाक मंजर देखकर उसका दिल दहल गया।

आरोपी पति को पुलिस ने बार से गिरफ्तार किया 
जामुल टीआई गौरव पांडेय ने बताया कि घर के अंदर विवेक की मां ने जमीन पर अपनी बहू चित्रलेखा का शव पड़ा हुआ देखा। शरीर के कई हिस्सों में सूजन थी। खून भी बह रहा था। मृतका का शरीर नीला पड़ चुका था। शव देखकर उन्होंने पड़ोसियों की मदद से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर जांच की तब पता चला कि विवेक ने ही अपनी पत्नी की क्रूरता से हत्या की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मृतका का पति जामुल के एक बार में शराब पी रहा है। पुलिस ने टीम भेजकर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी के नशे में धुत होने की वजह से हत्या की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button