सुकमा में बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुंचे CM साय, राहत शिविरों का लिया जायजा; 300 परिवारों को 10-10 हजार की अतिरिक्त मदद
सुकमा/रायपुर, 28 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को सुकमा जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं और राहत शिविरों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने शबरीनगर, श्रीनगर, लाइनपारा समेत प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। शबरीनगर के राहत एवं स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर उन्होंने भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने शिविर में रह रहे प्रभावित लोगों को स्वयं भोजन भी परोसा।
300 परिवारों को 10-10 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता
बाढ़ में घरेलू सामान को हुए नुकसान को देखते हुए मुख्यमंत्री ने करीब 300 प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10-10 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता देने के निर्देश दिए हैं। यह सहायता आरबीसी 6-4 के तहत मिलने वाली पात्र सहायता के अतिरिक्त होगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ से हुए मकान, घरेलू सामान, फसल और अन्य नुकसान का जल्द आकलन किया जाए तथा पात्र प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
22 गांवों के 30 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित
भारी बारिश के बाद शबरी नदी का जलस्तर बढ़ने से सुकमा जिले के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी थी। उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार 22 गांवों के करीब 30,114 लोग प्रभावित हुए हैं। कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत शिविरों में रह रहे लोगों को भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। बाढ़ का पानी कम होने के बाद पुनर्वास कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
राहत और स्वास्थ्य शिविरों पर विशेष ध्यान
प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों के साथ स्वास्थ्य शिविर भी संचालित किए जा रहे हैं। जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य जांच, पेयजल स्रोतों के क्लोरीनेशन और स्वच्छता संबंधी उपाय किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि कोई भी पात्र प्रभावित परिवार सहायता से वंचित न रहे और नुकसान के आकलन से लेकर सहायता वितरण तक की प्रक्रिया संवेदनशीलता और तेजी के साथ पूरी की जाए।

