
सुशासन तिहार के समाधान शिविर में ACB की कार्रवाई, 40 हजार रुपये रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार
कोरबा। जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत तुमान में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ समाधान शिविर के दौरान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बाबू को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से शिविर स्थल सहित संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया।
जीपीएफ पासबुक एंट्री के लिए मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल अपनी जीपीएफ पासबुक में एंट्री कराने के लिए समाधान शिविर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पदस्थ सहायक ग्रेड-2 प्रदीप मिश्रा ने कार्य करने के एवज में उनसे 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
शिकायत के बाद ACB ने बनाई रणनीति
रिश्वत की मांग से परेशान शिक्षक ने मामले की शिकायत बिलासपुर स्थित एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) से की। शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने पर डीएसपी अजीत सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।
रिश्वत लेते ही दबोचा गया आरोपी
शुक्रवार को शिकायतकर्ता अमृतलाल बघेल तय योजना के अनुसार 40 हजार रुपये लेकर आरोपी के पास पहुंचे। जैसे ही प्रदीप मिश्रा ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, पहले से निगरानी कर रही ACB टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के तुरंत बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से शिविर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वहां मौजूद अधिकारी-कर्मचारी भी हैरान रह गए।
पहले भी विवादों में रहा है आरोपी
सूत्रों के अनुसार आरोपी प्रदीप मिश्रा के खिलाफ पूर्व में भी वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े आरोप सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद वह विभाग में पदस्थ था। आरोप है कि वह छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी लोगों से पैसों की मांग करता था, जिससे कर्मचारी और सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी परेशान रहते थे।
अन्य मामलों की भी होगी जांच
ACB अब यह जांच कर रही है कि आरोपी ने अन्य लोगों से भी रिश्वत ली थी या नहीं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में किसी अन्य कर्मचारी की भूमिका तो नहीं है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


