
सुशासन तिहार बना भरोसे का मंच, गांव-गांव पहुंच रहा प्रशासन
रायगढ़, 22 मई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार के तहत गुरुवार को धरमजयगढ़ के समीप बॉयसी कॉलोनी स्थित प्राथमिक शाला प्रांगण में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और शासन की योजनाओं का लाभ लेने के साथ अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए शिविर शाम 4 बजे से 7 बजे तक आयोजित किया गया।
809 आवेदन प्राप्त, कई समस्याओं का मौके पर निराकरण
शिविर में मांग से संबंधित 781 और शिकायत से जुड़े 28 आवेदन सहित कुल 809 आवेदन प्राप्त हुए। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों के त्वरित और समय-सीमा में समाधान का भरोसा प्रशासन द्वारा दिया गया। ग्रामीणों ने प्रशासनिक व्यवस्था और त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताया।
ग्रामीणों को योजनाओं का मिला लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी देने के साथ हितग्राहियों को लाभ वितरित किया गया। उद्यानिकी विभाग द्वारा 20 हितग्राहियों को फलदार पौधे दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 5 हितग्राहियों को आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 2 हितग्राहियों को सेल्फ केयर किट प्रदान की गई।
12 पंचायतों को मिला “बाल विवाह मुक्त” प्रमाण-पत्र
शिविर के दौरान बाल विवाह मुक्त घोषित 12 पंचायतों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित धरमजयगढ़ के माध्यम से खरीफ वर्ष 2026 के अंतर्गत किसान क्रेडिट योजना के तहत 7 किसानों को स्वीकृत साख सीमा की राशि जारी की गई।
गांवों तक पहुंच रहा प्रशासन, बढ़ा भरोसा
जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार सुशासन और पारदर्शिता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शासन का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी सोच के साथ गांव-गांव में शिविर लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि पहली बार प्रशासन इतनी गंभीरता से गांवों तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है, जिससे शासन के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। शिविर में श्री शशि पटेल, जनपद सीईओ धरमजयगढ़ श्री एम.एल. साहू, श्री एस.आर. सिदार, सुश्री पूनम मित्तल, श्री आनंद मिरी, श्री दयानंद प्रसाद सोनवानी, श्री नवीन कुमार यादव, सुश्री नयना केरकेट्टा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


