सुशासन तिहार शिविर में वरिष्ठजनों को मिला सहारा, समाज कल्याण विभाग ने वितरित की सहायक छड़ी

रायगढ़, 22 मई 2026। सुशासन तिहार के अंतर्गत धरमजयगढ़ के बायसी कॉलोनी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में समाज कल्याण विभाग रायगढ़ द्वारा हितग्राहीमूलक एवं जनजागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण वितरित कर उन्हें दैनिक जीवन में सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की गई।


वरिष्ठ नागरिकों को मिली सहायक छड़ी

कार्यक्रम के दौरान नरकालो निवासी वरिष्ठ नागरिक श्री सादर साय एवं फतेपुर धरमजयगढ़ निवासी श्री रुपसिंह को सहायक उपकरण के रूप में वृद्धजन छड़ी प्रदान की गई। यह वितरण जनपद पंचायत धरमजयगढ़ के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा किया गया।


ग्रामीणों को दी गई योजनाओं की जानकारी

शिविर में उपस्थित ग्रामीणों और हितग्राहियों को समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ लेने और शासन की सुविधाओं से जुड़ने की अपील की।


नशामुक्ति का दिलाया गया संकल्प

नशामुक्त भारत अभियान के तहत शिविर में मौजूद लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान लोगों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Back to top button