
सूरजपुर में कलेक्टर का निरीक्षण, गंदगी और अव्यवस्था पर जताई नाराजगी
सूरजपुर कलेक्टर रेना जमील ने शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, अस्पतालों और शासकीय परिसरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अव्यवस्था और गंदगी मिलने पर अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए गए।
न्यू बस स्टैंड और चौपाटी का निरीक्षण
कलेक्टर ने अटल परिसर स्थित न्यू बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। यहां क्षतिग्रस्त भवन और अव्यवस्थित व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा ओल्ड बस स्टैंड की चौपाटी क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
अस्पताल और आयुष वाटिका में भी निरीक्षण
अग्रसेन चौक स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल और स्पेशलाइज्ड थैरेपी सेंटर में ओपीडी और अन्य सुविधाओं की समीक्षा की गई।
आयुष वाटिका क्षेत्र में गंदगी मिलने पर नगरपालिका अधिकारियों को स्वच्छता सुधारने और भवन मरम्मत के निर्देश दिए गए।
मीट मार्केट और सब्जी बाजार में सफाई पर जोर
बड़कापारा स्थित मीट मार्केट और सब्जी बाजार में गंदगी को लेकर कलेक्टर ने नाराजगी जताई।
उन्होंने तालाबों की सफाई और सौंदर्यीकरण के साथ मीट मार्केट को अन्यत्र स्थानांतरित करने की योजना पर चर्चा की।
अरुणोदय कोचिंग सेंटर में छात्रों से चर्चा
कलेक्टर ने अरुणोदय कोचिंग क्लास का निरीक्षण कर छात्रों से संवाद किया और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली।
उन्होंने नियमित टेस्ट, वाई-फाई और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
केतका रोड स्थित क्वार्टर्स और नगर पालिका जिम में व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। वहीं निर्माणाधीन पॉलीटेक्निक भवन का कार्य धीमा पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई गई।
जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा
जिला अस्पताल में हमर लैब, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, सीटी स्कैन और मातृत्व-शिशु अस्पताल का निरीक्षण किया गया।
कलेक्टर ने सिकल सेल पीड़ित मरीजों के उपचार और नवजात शिशुओं की देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
कलेक्टर ने डॉक्टरों की उपस्थिति, अस्पताल संचालन और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


