सूर्य घर योजना से कुंज राम यादव ने अपनाई सौर ऊर्जा, 3 किलोवाट का रूफटॉप संयंत्र लगाया
बिजली बिल में बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बढ़ाया कदम
छुरिया। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में लोग तेजी से सौर ऊर्जा को अपना रहे हैं। इसी कड़ी में छुरिया विकासखंड की ग्राम पंचायत सड़क चिरचारी के सचिव कुंज राम यादव, निवासी ग्राम पाटेकोहरा, ने अपने घर पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराया है।
कुंज राम यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी रही। सोलर संयंत्र लगने से आने वाले समय में बिजली बिल में बचत होगी। साथ ही स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा स्वच्छ, सुरक्षित और अक्षय ऊर्जा का बेहतर विकल्प है। वर्तमान समय में बिजली की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए सौर ऊर्जा को अपनाना आर्थिक बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी जरूरी है। अधिक से अधिक लोग अपने घरों पर सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करें तो बिजली की बचत के साथ कार्बन उत्सर्जन को भी कम किया जा सकता है।
उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। योजना के माध्यम से जिले में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ लोगों को बिजली खर्च में राहत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।












