सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जशपुर जिला के विकासखंड बगीचा में छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा एवं अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “सेवा और सपने — 25 वर्ष पूर्व एवं 25 वर्ष पश्चात” रखा गया था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष श्री प्रभात सिद्दाम, नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्री दिनेश शर्मा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती गायत्री नागेश, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती रीना बरला, मंडल अध्यक्ष श्री हरिश आरीक, पार्षद श्री चौहान एवं पार्षद श्री राज किशोर जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति में मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया।

प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 25 वर्ष पूर्व और 25 वर्ष पश्चात सेवा एवं समाज के स्वरूप को अपनी कल्पनाशीलता, विचारों और रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से चित्रकला एवं भाषण के रूप में प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुतियों में उनके सपनों, भविष्य की कल्पनाओं तथा समाज के प्रति सेवा-भाव की सुंदर झलक देखने को मिली।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभाशीष प्रदान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री सुदर्शन पटेल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री दिलीप टोप्पो, बीआरसी श्री कृष्ण कुमार राठौर, मंडल संयोजक श्री संतोष गुप्ता, श्रीमती ममता शर्मा, संकुल समन्वयकों सहित विभिन्न संकुलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल, सेवा भावना तथा भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना रहा। आयोजन में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।

Back to top button