कोरबा में SECL कुसमुंडा खदान में बड़ा हादसा: टीपर में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
कोरबा, 03 मई 2026:
लोडिंग के बाद अचानक उठने लगा धुआं
जानकारी के अनुसार, कोयले से भरा टीपर गोदावरी फेस से लोडिंग के बाद बाहर निकल रहा था। इसी दौरान इंजन से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में वाहन में भीषण आग लग गई।
आग की लपटें देखते ही चालक ने तुरंत वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। वह पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है।
फायर सेफ्टी के इंतजाम नहीं, बढ़ा खतरा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टीपर में आग बुझाने के लिए कोई फायर सेफ्टी उपकरण मौजूद नहीं थे। इससे सुरक्षा मानकों की अनदेखी साफ तौर पर सामने आई है।
दमकल की मदद से आग पर पाया काबू
घटना के बाद खदान में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक टीपर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
कुछ समय के लिए परिवहन रहा बाधित
आगजनी की इस घटना के कारण गोदावरी फेस की ओर जाने वाला रास्ता अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा, जिससे खदान में कोयला परिवहन प्रभावित हुआ। बाद में वैकल्पिक व्यवस्था कर कार्य दोबारा शुरू किया गया।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
कुसमुंडा खदान में कोयला वाहनों में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद ठेका कंपनियों द्वारा सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही बरती जा रही है।
जांच और कार्रवाई की मांग तेज
सोनू-मोनू कंपनी के वाहनों में फायर सिलेंडर तक नहीं लगाए गए थे। इस घटना के बाद श्रमिक संगठनों ने मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



