स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता: नगर पंचायत बगीचा में ‘अब दो नहीं, चार’ के संदेश से स्वच्छता जनजागरूकता अभियान
‘स्वच्छता ही सेवा’ 2026 के तहत नागरिकों को 4-वे अपशिष्ट पृथक्करण की दी जा रही जानकारी, स्वच्छता दीदियां घर-घर पहुंचकर कर रहीं जागरूक
बगीचा। नगर पंचायत बगीचा में राष्ट्रीय अभियान ‘स्वच्छता ही सेवा’ 2026 के अंतर्गत ‘स्वच्छता में जनभागीदारी’ थीम पर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ कचरे के उचित प्रबंधन और स्रोत पर ही कचरा पृथक्करण के महत्व की जानकारी दी जा रही है।
अभियान के दौरान नागरिकों को SWM Rules 2026 (ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026) की जानकारी देते हुए कचरे के सही निपटान के लिए ‘4-वे अपशिष्ट पृथक्करण’ और ‘अब दो नहीं चार’ का संदेश दिया जा रहा है। नगर की स्वच्छता दीदियां डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के दौरान घर-घर पहुंचकर लोगों को कचरे को अलग-अलग रखने और निर्धारित डिब्बों में डालने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
चार डिब्बों में अलग करना होगा कचरा
अभियान के तहत नागरिकों को कचरे को चार अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित करने की जानकारी दी जा रही है—
🟢 हरा डिब्बा – गीला कचरा: रसोई का कचरा, बचा हुआ भोजन एवं अन्य जैविक अपशिष्ट।
🔵 नीला डिब्बा – सूखा कचरा: प्लास्टिक, कागज, कांच एवं अन्य सूखा पुनर्चक्रण योग्य कचरा।
🔴 लाल डिब्बा – सैनिटरी कचरा: डायपर, सैनिटरी पैड एवं अन्य सैनिटरी अपशिष्ट।
⚫ काला डिब्बा – घरेलू खतरनाक कचरा: बैटरियां, बल्ब, दवाइयां एवं अन्य घरेलू खतरनाक अपशिष्ट।
जनभागीदारी से बनेगा स्वच्छ और कचरा-मुक्त शहर
नगर पंचायत की ओर से नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे कचरे को घर से ही अलग-अलग करें और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के दौरान स्वच्छता दीदियों को पृथक किया हुआ कचरा ही दें। इससे कचरे के उचित निपटान, पुनर्चक्रण और वैज्ञानिक प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा तथा शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
‘स्वच्छता केवल जिम्मेदारी नहीं, हमारी आदत और संस्कार बने’ के संदेश के साथ नगर पंचायत बगीचा नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील कर रहा है।
आइए, हम सब मिलकर अपने जशपुर नगर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और पूरी तरह कचरा-मुक्त (Garbage-Free) बनाने में अपना योगदान दें।











