स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जशपुर में मध्यान भोजन किया गया शुरुआत, मध्यान्ह भोजन का संचालन भी उत्कृष्ट
जशपुरनगर 07 अगस्त 2021/
मध्यान भोजन का संचालन बहुउद्देश्य सहकारी समिति तेलीटोली (महिला स्व सहायता समूह) के द्वारा संचालित किया जा रहा। मध्यान भोजन कार्यक्रम के प्रभारी विजय बिहारी राम और कोलेता तिग्गा हैं। शासन द्वारा निर्धारित मीनू के अनुसार विद्यार्थियों को चावल, हरी सब्जियां, दाल, आचार, पापड़, खीर, मीनू अनुसार विद्यार्थियों को दिया जा रहा है। बच्चों में स्कूल खुलने की खुशी और अलग से मध्यान भोजन, बच्चे बहुत ही उत्साह में हैं और रोज स्कूल आना चाहते हैं। लेकिन शासन के आदेशानुसार 50 प्रतिशत विद्यार्थी को ही स्कूल आना है। फिलहाल अभी कक्षा 1 से 5 एवं कक्षा 8 के विद्यार्थी ही स्कूल आ रहे हैं। मध्यान्ह भोजन के सुचारू रूप से और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के लिए विकास खंड शिक्षा अधिकारी एम जेड सिद्दीकी के द्वारा भी लगातार आवश्यक संसाधन जुटाने में सक्रिय रूप से भागीदारी की जा रही है। यहां स्व सहायता समूह की 12 महिलाएं सभी बच्चों को भोजन परोस कर बहुत ही प्यार से बच्चों को मध्यान्ह भोजन करा रही है।
जिला कलेक्टर के द्वारा पूरी व्यवस्था का जायजा लिया गया और उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए प्राचार्य को निर्देशित किया है कि प्रत्येक स्थिति में भोजन और स्वच्छता बेहतर स्तर पर बनाए रखे। उन्होंने यह भी कहा है कि इसी पैटर्न में जिले के सभी स्वामी आत्मानंद विद्यालय में मध्याह्न भोजन की व्यवस्था की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी एस एन पंडा ने भी व्यवस्था पर अपनी खुशी जाहिर की है। विद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार गुप्ता ने बताया की मध्यान भोजन कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों के इस उत्साह को उनके शैक्षिक गुणवत्ता से जोड कर रणनीति बनाएंगे और विद्यार्थियों की उपस्थिति शत प्रतिशत करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा है कि वे सभी दृष्टि से उच्च गुणवत्ता की व्यवस्था इस विद्यालय में करने के लिए दृढ़ संकल्पित है जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त हो सके।




