
आप की आवाज
*स्वास्थ्य विभाग मना रहा है वृद्धजन पखवाड़ा*
*बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर दिया जा रहा है विशेष जोर*
*रायगढ़ 1 अक्टूबर 2022, जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के समस्त प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस अवसर पर सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर वृद्धजनों के डायबिटीज, हाईपेरटेंशन, ब्लडप्रेशर आदि की स्क्रीनिंग की निःशुल्क व्यव्स्था की गई है तथा जनमानस में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
*शनिवार को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के मौके पर बुजुर्गों को पीले कार्ड का महत्व और स्वस्थ जीवन शैली के बारे में बताया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इंदिरानगर में 35 जरूरतमंदों को छड़ी वॉकर और चश्मों का वितरण किया गया।
*इस बारे में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसएन केसरी ने बताया: ”वृद्धजनों को स्वास्थ्य केंद्रो पर विशेष सुविधा प्रदान की जा रही है। वृद्धजनों के स्वास्थ्य के बारे जन सामान्य को भी शिक्षित किया जा रहा है खासकर जिनके परिवार में वृद्धजन हैं उन्हें देखभाल करने के लिए परामर्श दिया जा रहा है। जिन जगहों मे वृद्धाश्रम हैं वहां स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम जाकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है। अभी कोरोना काल में वृद्धजनों को कोरोना संक्रमण से सजग एवं सतर्क रहने की विशेष आवश्यकता है। उनमें कोरोना से मिलते—जुलते कोई भी लक्षण दिखाई देने पर उन्हें तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से कोरोना की जांच समय से सुनिश्चित करानी चाहिए। सभी प्राथमिक-सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर कोरोना जांच की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध है।“
*उक्त कार्यक्रम के अवसर पर पार्षद ईशकृपा तिर्की, डॉ. काकोली पटनायक, डॉ. योगेश पटेल,डॉ. राकेश वर्मा,डॉ. भावना महलवार समेत अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
*बुजुर्ग क्या करें और क्या न करें*
वह प्रतिदिन किसी न किसी रूप में शारीरिक व्यायाम करें, सामाजिक गतिविधियों में भाग लें, स्वस्थ एवं संतुलित आहार लें, शाकाहारी भोजन को प्राथमिकता दें, गहरी निद्रा के साथ स्वास्थ्यपरक अभ्यास करें, सहायक उपकरण जैसे वाकिंग स्टिक, वाल्कर्स आदि का उपयोग करें, नियमित चिकित्सा जाँच करायें तथा केवल चिकित्सक द्वारा निर्धारित दवाओं का उपयोग करें। वृद्धजन कम दर्द को नजर अंदाज न करें, शारीरिक निष्क्रियता न रखें, अपने आप दवा न लें, अस्वास्थ्यपरक आहार न लें, तम्बाकू, धूम्रपान एवं मद्यपान का सेवन न करें तथा चाय एवं काफ़ी का कम से कम उपयोग करें।
*साईकिल रैली रविवार को*
स्वास्थ्य विभाग के शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. राकेश वर्मा ने बताया “आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत जिले में 23 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आयुष्मान भारत पखवाड़ा मनाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत 2 अक्टूबर गांधी जयंती के मौके पर जिले में ब्लॉक और शहरी स्तर पर साइकिल रैली का आयोजन होगा जिससे लोगों में जागरूकता आए।“






