स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतों की जांच के लिए छह सदस्यीय टीम गठित 14 दिनों में रिपोर्ट देने के निर्देश
बेमेतरा, 19 अगस्त 2026:-* स्वास्थ्य विभाग से संबंधित शिकायत प्राप्त होते ही जिला प्रशासन द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए बीते एक सप्ताह पहले ही तत्काल संज्ञान में लिया था । इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से 14 अगस्त 2026 को ही डॉ. विभा बर्मन, चिकित्सा अधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला स्तरीय आंतरिक शिकायत समिति, जिला बेमेतरा को जांच हेतु आवेदन प्रेषित कर आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। प्रकरण में शीघ्र जांच सुनिश्चित करने के लिए आज पुनः स्मरण पत्र जारी कर जल्द से जल्द जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
बीते दिवस कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशन में अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज ने स्वास्थ्य विभाग से संबंधित शिकायतों के मामले में जिला स्तर पर छह सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी गई है। प्राप्त शिकायतों में महिला अधिकारी-कर्मचारियों के साथ अमर्यादित एवं अपमानजनक व्यवहार, समीक्षा बैठकों में आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग तथा महिला कर्मचारियों से संबंधित शिकायतों में अनुचित व्यवहार सहित अन्य गंभीर आरोपों का उल्लेख किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत में वर्णित सभी बिंदुओं की तथ्यात्मक जांच के निर्देश दिए गए हैं।
प्राप्त निर्देश के अनुसार जांच टीम में संबंधित विभागीय पदाधिकारियों एवं अधिकारियों को शामिल किया गया है। टीम द्वारा जिला स्तरीय आंतरिक शिकायत समिति के सदस्यों के साथ शिकायत में वर्णित बिंदुओं की जांच की जाएगी। जांच के दौरान संबंधित दस्तावेजों, शिकायतों एवं उपलब्ध तथ्यों का परीक्षण करने के साथ संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी भी ली जाएगी।
महिला अधिकारी-कर्मचारियों से संबंधित शिकायतों की जांच के दौरान कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 के प्रावधानों का भी ध्यान रखा जाएगा। शिकायतों की प्रकृति के अनुरूप निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की जाएगी। साथ ही शिकायतकर्ता एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों की पहचान तथा शिकायत से जुड़ी संवेदनशील जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
जांच टीम को प्रकरण की अविलंब जांच कर 14 दिनों के भीतर तथ्यात्मक जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया जाएगा तथा उपलब्ध दस्तावेजों, साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा।
जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद प्रकरण में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेकर जांच की प्रक्रिया प्रारंभ करने तथा समयबद्ध रूप से तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्राप्त करने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे कार्यस्थल पर सुरक्षित, सम्मानजनक एवं गरिमापूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।










