हिजाब पर छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल बोले- जिन लोगों ने इसकी शुरुआत की उन्हें अंजाम भुगतना पड़ेगा

4 Min Read

देश में हिजाब पर छिड़ी सियासत पर छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि जिन लोगों ने इसकी शुरुआत की है, उन्हें इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा। यह हमारे समाज का विषय है, घर का विषय है। इसे बैठकर सुलझाया जा सकता था। इस मामले को बेवजह तूल देना उचित नहीं है। इसे शुरुआत करने वालों को पता नहीं कि इसका हश्र क्या होगा? भूपेश ने कहा कि आज यह मामला राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की समस्या बन गई है।

उत्तर प्रदेश जाने से पहले रायपुर एयपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि भारत में दुनियाभर के तमाम धर्म के लोगों और सताए हुए को आश्रय मिला है। आज हम अपने लोगों के साथ किस प्रकार का व्यवहार कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि कट्टरता चाहे इधर का हो या उधर दोनों ही हमारे लिए नुकसान दायक है। इससे समाज का ही नुकसान होना है। उन्होंने कहा कि बेहद संवेदनशील मामला है, जिसे बैठकर हल करना चाहिए। हर चीज को आप न्यायालय ले जाएंगे। इसे राजनीतिक मुद्दा बनाएंगे तो हमारा देश कहां जा रहा है। हम किस दिशा में जा रहे हैं। क्या इसी प्रकार से लड़ाइयां लड़ते रहेंगे। बच्चे हमारे भविष्य हैं, लेकिन वे नेतृत्व नहीं करते। जो नेतृत्व करते हैं उनकी जिम्मेदारी थी कि मामले को बैठकर सुलझाते।

जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीजापुर में नक्सली हिंसा पर कहा कि हमारे जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी। हम और मजबूती के साथ नक्सलियों से लड़ेंगे। उन्होंने भाजपा के आरोपों पर भी पलटवार किया। सीएम ने कहा कि डॉ. रमन सिंह को छत्तीसगढ़ की जनता ने 15 साल दिया था। तीन ब्लॉक में सिमटे नक्सली आज 14 जिलों में पहुंच गए हैं। क्या यही इनकी उपलब्धि है। सीएम भूपेश ने कहा कि प्रदेश में पिछले तीन वर्षों में नक्सल घटनाएं कम हुई है। हमारे शासनकाल में बड़े नक्सली हथियारों के साथ पकड़े गए हैं। सरेंडर कर रहे हैं या फिर एनकाउंटर में मारे जा रहे हैं। नक्सल क्षेत्रों में रोजगार देने का काम छत्तीसगढ़ सरकार ने किया है, जिसके कारण वहां के युवा, महिलाओं में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। अब नक्सली चिट्ठी लिखते हैं कि हमें भर्ती करने में परेशानी हो रही है।

छत्तीसगढ़ रेकी करने आए थे सिंधिया
राज्यसभा में सांसद रामविचार नेताम के उठाए सवाल पर सीएम भूपेश ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जहां तक बात है, सारे पैरामीटर में छत्तीसगढ़ अग्रणी है। उन्हें उनका जवाब राज्यसभा में मिल जाएगा। पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह द्वारा पत्र लिखे जाने पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में एक भी हवाई अड्डा शुरू नहीं हो पाया था। हमारे कार्यकाल में जगदलपुर, बिलासपुर में शुरुआत किया गया है। अब अंबिकापुर के हवाई अड्डा को डेवलप कर रहे हैं। रायपुर में आकर केंद्रीय मंत्री सिंधिया झूठ बोल रहे हैं। सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया छत्तीसगढ़ को क्या देकर गए हैं। महाराजा छत्तीसगढ़ की रेकी करने आए थे कि क्या बेचा जा सकता है।

Share This Article
Leave a Comment